हाथरस में धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने कार को मारी टक्कर, खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त
हाथरस जंक्शन के नगला इमलिया में देर रात धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया।

हाथरस में दुर्घटनाग्रस्त कार।
HighLights
कार में सवार पांच लोग सुरक्षित, मामूली खरोंच भी नहीं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु किया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, हाथरस। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला इमलिया के पास देर रात करीब एक बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने एक कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कार में सवार सभी पांच लोग हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव शेरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नगला इमलिया के पास धान से भरी फार्मट्रैक ट्रैक्टर-ट्राॅली ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
कार सवारों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन सभी को मामूली खरोंच तक नहीं आई। हादसे की सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली को अपने कब्जे में लेकर हाथरस गेट थाने पहुंचाया।
राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुर्घटना के बाद कार सवार लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई के संबंध में जानकारी अभी सामने नहीं आई है।