विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एयरफोर्स जवान के घर लाखों की चोरी, हाथरस पुलिस चोरों की तलाश में जुटी

By Sachin ChaudharyEdited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 26 Nov 2026 10:03 AM (GMT+05:30)

भारतीय वायुसेना के जवान हेमंत कुमार के हाथरस स्थित घर में चोरों ने सेंधमारी कर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। पीड़ित ने चंदपा थाने में तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. वायुसेना जवान के घर से लाखों का सामान चोरी।

  2. चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुराई।

जागरण संवाददाता, हाथरस। थाना क्षेत्र के गांव मीतई में भारतीय वायुसेना में सेवारत जवान के घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने थाना चंदपा में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

पीड़ित हेमंत कुमार ने थानाध्यक्ष को दी तहरीर में बताया कि वह भारतीय वायुसेना में सेवारत हैं। ड्यूटी के कारण उन्हें अक्सर घर से बाहर रहना पड़ता है। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने छह नवंबर को उनके गांव मीतई स्थित घर को निशाना बनाया। चोर घर से कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए।

तहरीर के अनुसार चोरी गए सामान में सात जोड़ी चांदी की पायल, करीब 250 ग्राम, नौ जोड़ी चांदी की बिछिया, चार सोने की लंबी नथ, करीब 30 ग्राम का सोने का लाकेट मय चेन, करीब 20 ग्राम की दो सोने की अंगूठियां और छह हजार रुपये नकद शामिल हैं। पीड़ित का कहना है कि इस घटना से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है और मानसिक परेशानी भी हुई है।

हेमंत कुमार ने तहरीर में कहा कि ड्यूटी के चलते घर से दूर रहने के कारण परिवार और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज करने, साक्ष्य जुटाने, आरोपितों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। इस घटना के बाद गांव में भी दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि दिनदहाड़े और रात में हो रही चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने और चोरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।