पुलिस की मौजूदगी में पड़े फेरे
संवाद सूत्र, हाथरस : सासनी के गांव गदा खेड़ा में बरात में डांस को लेकर लड़का व लड़की पक्ष क
संवाद सूत्र, हाथरस : सासनी के गांव गदा खेड़ा में बरात में डांस को लेकर लड़का व लड़की पक्ष के लोगों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट से गुस्साए लड़के वाले बरात लेकर चल दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बरातियों को रास्ते में रुकवाया तथा वापस बुलवाकर फेरे पड़वाये। शादी के बाद दोनों पक्षों ने राहत की सांस ली।
अलीगढ़ के अतरौली क्षेत्र से बरात सासनी के गांव गदाखेड़ा आई थी। सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। बरात लड़की वालों के घर पर पहुंचने वाली थी। तभी लड़की पक्ष से भी कुछ लोग बरात में नाचने पहुंच गए। यहां युवकों में कहासुनी हो गई। गाली-गलौज के बाद जमकर मारपीट हुई। झगड़े से कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों व रिश्तेदारों से हुई मारपीट से दूल्हा नाराज हो गया तथा शादी से इंकार कर दिया। दूल्हा अपने दोस्तों के साथ गाड़ी लेकर वापस अतरौली के लिए चल दिया। इधर, रात को लड़की पक्ष ने सौ नंबर पर फोन कर दिया तथा दुल्हन को लेकर कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल लड़का पक्ष से फोन पर संपर्क साधा तथा उन्हें रास्ते में हनुमान चौकी के पास रुकवा लिया। पुलिस मौके पर पहुंची तथा दूल्हा को लेकर गांव पहुंची। यहां पुलिस की मौजूदगी में फेरे पड़े और दुल्हन को विदा कराया गया।