शिव योगी तुम्हरे गुण गावैं
नवरात्र के चौथे दिन कूष्मांडा की हुई आराधना पथवारी मंदिर पर महाआरती में लगा जमघट
जागरण संवाददाता, हाथरस : नवरात्र के चौथे दिन घर-घर में मां कूष्मांडा देवी की आराधना हुई। भक्त सुबह से ही शक्तिपीठों की ओर उमड़ते नजर आए। पथवारी देवी मंदिर पर महाआरती के साथ भोग लगाया गया।
भक्तों ने अज्ञारी कर देसी घी के साथ लौंग का जोड़ा, बतासे से आराधना की। तड़के से ही भक्त पूजा का थाल लिए किला गेट पथवारी मंदिर पहुंचे, जहां सुबह साढ़े छह बजे महाआरती हुई। शहर की बौहरे देवी मंदिर, चामड़ गेट देवी मंदिर, रमनपुर देवी मंदिर, हाथुरसी देवी मंदिर समेत आस-पास के क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों पर भी भक्तों ने भारी संख्या में पहुंचकर हाजिरी लगाई। माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। शाम होते ही शक्तिपीठ बिजली की रोशनी से जगमग हो उठे। देवी प्रतिमाओं को भव्यता के साथ सजाया गया। राम दरबार मंदिर भी भजन कीर्तन का दौर चल रहा है। यहां पर मनोज बूटियां, आभा गुप्ता, हरिओम शर्मा आदि का सहयोग रहा।
कीर्तन के साथ प्रसाद का वितरण
फोटो : 21
हाथरस : अग्रवाल नारी जागृति मंच के तत्वावधान में मां चामुंडा के मंदिर पर संकीर्तन का आयोजन किया गया। साग पूरी का वितरण किया। भक्ति के सागर में सभी सराबोर नजर आए। मौके पर अध्यक्ष दीप्ति अग्रवाल, नमिता अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, गीता, ज्योति, मीनू, संजना, नीरू, सारिका, अंजू, कल्पना आदि उपस्थित थे।
सादाबाद के मंदिरों
में हुई भक्ति वर्षा
सादाबाद : कस्बा, देहात के देवी मन्दिरों में खूब भक्ति वर्षा हो रही है। सुबह से शाम तक भक्तों की भीड़ होती है। नवरात्र के चौथे दिन अम्बे के चतुर्थ स्वरूप की वंदना की गई। भक्तों ने मइया का अभिषेक कर घी, धूप से आरती कर मनौती मांगी। हवन यज्ञ का आयोजन भी किया गया। कस्बे के चामड़ माता, पथवारी माता, शीतला माता, काली मंदिरों पर शाम को श्रृंगार के दर्शन को भक्तों की लाइन लगी रही। कुरसंडा, बिसावर के देवी मंदिरों पर भी आस्था का सैलाब उमड़ा।