Move to Jagran APP

पूर्व मंत्री रामवीर की पत्नी सीमा उपाध्याय ने लहराया परचम

हॉट सीट वार्ड 14 में भाजपा प्रत्याशी देवरानी ऋतु उपाध्याय को मिली तगड़ी शिकस्त पांचवें नंबर पर खिसकीं।

By JagranEdited By: Published: Tue, 04 May 2021 03:22 AM (IST)Updated: Tue, 04 May 2021 03:22 AM (IST)
पूर्व मंत्री रामवीर की पत्नी सीमा उपाध्याय ने लहराया परचम
पूर्व मंत्री रामवीर की पत्नी सीमा उपाध्याय ने लहराया परचम

जासं, हाथरस : जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में हॉट सीट माने जा रहे वार्ड 14 पर पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय का दबदबा दिखा है। रामवीर की पत्नी पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय ने 12022 वोट हासिल कर परचम लहराया है। 5394 वोट पाने वालीं उपविजेता क्षमा शर्मा को उन्होंने 6628 मतों से हराया। सीमा उपाध्याय की देवरानी भाजपा समर्थित प्रत्याशी ऋतु उपाध्याय 2309 वोटों के साथ पांचवें नंबर पर रही हैं।

loksabha election banner

वार्ड नंबर 14 पर पूर्व भाजपा नेता डॉ. अविन शर्मा अपनी पत्नी क्षमा शर्मा को चुनाव लड़ाना चाहते थे। उनकी टिकट पक्की मानी जा रही थी, लेकिन रामवीर के छोटे भाई पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय ने ऐन वक्त पर एंट्री मारकर उनके अरमानों पर पानी फेर दिया और अपनी पत्नी ऋतु उपाध्याय को टिकट दिलाने में कामयाब रहे। उधर पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय चौथे नंबर के भाई रामेश्वर उपाध्याय की पत्नी कल्पना उपाध्याय को यहां प्रत्याशी बनाना चाहते थे, लेकिन मुकुल के पैतरे ने उनकी रणनीति को झटका दे दिया। इस फेरबदल को डॉ. अविन शर्मा बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने निर्दलीय ही अपनी पत्नी को इसी वार्ड से मैदान में उतार दिया। वहीं रामवीर ने भी अपनी पत्नी फतेहपुर सीकरी की पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय को वार्ड 14 से निर्दलीय लड़ाने का एलान कर राजनीतिक भूचाल ला दिया। इसके बाद से ही वार्ड 14 हॉट सीट बन गया। इसी के चलते डॉ. अविन शर्मा और रामवीर के बेटे चिराग उपाध्याय को चुनाव की पूर्व संध्या पर भाजपा से बाहर कर दिया गया था। 15 अप्रैल को मतदान के बाद जनता ने प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटिका में कैद कर दी थी। देवरानी-जेठानी के बीच मुकाबले पर सभी की निगाहें बनी रहीं।

रविवार को सुबह 8 बजे से वार्ड 14 की मुरसान के जीएस इंटर कॉलेज में मतगणना शुरू हुई। शुरू से ही सीमा उपाध्याय बढ़त बनाए हुए थीं। चरण दर चरण वह अन्य प्रत्याशियों से आगे निकलती चली गईं। सोमवार तड़के साढ़े तीन बजे तक छह चरणों में मतगणना पूरी हुई। आंकड़ों के संकलन के बाद सुबह नौ बजे वार्ड 14 के परिणाम की घोषणा की गई। सीमा उपाध्याय को 12022, क्षमा शर्मा को 5394 वोट मिले। बसपा नेता बबलू चौधरी की पत्नी मधु चौधरी 4532 मतों के साथ तीसरे, निर्दलीय प्रत्याशी हेमलता उर्फ हेमू को 2382 मत के साथ चौथे और भाजपा प्रत्याशी ऋतु उपाध्याय 2309 मत हासिल कर चौथे स्थान पर रहीं। विनोद और सरोज चुनाव हारे

रामवीर उपाध्याय के छोटे भाई निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय वार्ड 16 से चुनाव लड़े थे। वहीं उनकी पत्नी सरोज उपाध्याय वार्ड 20 से मैदान में थीं। दोनों को हार का मुंह देखना पड़ा। रामवीर परिवार से इस बार केवल सीमा उपाध्याय ही जीत हासिल कर सकी हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.