फादर राबर्ट वर्गीस का तबादला, नए प्रिंसिपल ने संभाला कार्यभार
कई वर्ष से सेंट फ्रांसिस इंटर कालेज में सेवाएं दे रहे प्रधानाचार्य फादर राबर्ट वर्गीस का कासगंज तबादला हो गया है।
संवाद सहयोगी, हाथरस : कई वर्ष से सेंट फ्रांसिस इंटर कालेज में सेवाएं दे रहे प्रधानाचार्य फादर राबर्ट वर्गीस का कासगंज तबादला हो गया है। उनके स्थान पर मंगलवार को नवागत प्रधानाचार्य फादर सनी कोट्टूर ने विद्यालय में कार्यभार संभाला। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में फादर राबर्ट वर्गीस को विदाई और नवागत प्रधानाचार्य का स्वागत किया गया।
फादर राबर्ट वर्गीस ने विद्यालय के लिए कड़ी मेहनत कर उसे नया मुकाम दिलवाया। सीबीएसई बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के पिछले कई परीक्षा परिणामों में परचम फहराया। विद्यालय का सुंदरीकरण, विस्तार और नए भवनों के निर्माण कराए। विद्यालय में आडीटोरियम के साथ कई प्रयोगशालाओं का निर्माण कार्य अपनी देखरेख में कराया। सहोदय काम्पलेक्स से कई विद्यालयों को जोड़कर खेल व शैक्षिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया। कई नामचीन हस्ती जैसे धनराज पिल्लै, पीटी ऊषा, अंजू बेबी जार्ज ने विद्यालय आकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यकाल पूरा होने पर मंगलवार को शिक्षकों ने फादर को भावभीनी विदाई दी। विप्र सेवा समाज संगठन का सदस्यता अभियान चलेगा
जासं, हाथरस : विप्र सेवा समाज संगठन के कुलेसरा स्थित कार्यालय पर एक बैठक हुई, जिसमें प्रदेश महासचिव व प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा संजीव उपाध्याय ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन होगा। पूरे प्रदेश से ब्राह्मण समाज से बहुत समाजसेवी लोगों के नाम आ रहे हैं। उसके बाद प्रदेश स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही भारत सरकार द्वारा नीट में जो आरक्षण ओबीसी समाज को दिया गया है, यह गलत फैसला है इससे प्रतिभाशाली बच्चों के चयन में कठिनाई आएगी। बैठक में संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री डा. विनोद शर्मा, जिला संरक्षक सर्वेश चौबे, जिला महासचिव गौतमबुद्ध नगर जितेंद्र त्यागी, जिला सचिव डा. महेंद्र शर्मा, अश्वनी त्यागी, बिजेंदर शर्मा, वीरेश तिवारी, सुनील शर्मा, सोनू शर्मा मौजूद थे।