सहपऊ चेयरमैन के खिलाफ एसडीएम से मिले कर्मचारी
कर्मचारी की पत्नी से बदसलूकी व कमरे में बंद करने का मामला ब्लर्ब- सहपऊ चेयरमैन पर लगाया मनमानी करने का आरोप डीएम से भी की शिकायत
संवाद सूत्र, हाथरस : सादाबाद नगर पंचायत, सहपऊ कार्यालय पर सोमवार को हुए हंगामे के बाद कर्मचारी लिपिक के समर्थन में एकजुट होकर मंगलवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए तथा कार्रवाई की मांग की। लिपिक ने चेयरमैन के खिलाफ डीएम से भी शिकायत की है।
नगर पंचायत कर्मियों ने एसडीएम ज्योत्सना बंधु से कहा कि चेयरमैन मनमानी कर रहे हैं। सबसे ज्यादा अत्याचार सफाई कर्मियों पर किया जा रहा है। चेयरमैन कभी कर्मियों से घर का काम कराते हैं तो कभी गाड़ी साफ कराते हैं। कभी नगर पंचायत की सीमा से बाहर ग्राम पंचायत में सफाई के लिए भेज देते हैं। अगर कोई कर्मी जाने से मना करता है तो उसे नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं। बिना बताए कर्मियों की अनुपस्थिति लगा दी जाती है। अक्सर हाजिरी रजिस्टर चेयरमैन घर ले जाते हैं। कर्मचारियों ने अराजक तत्वों के साथ कार्यालय आने के आरोप भी लगाए। यह भी आरोप लगाया कि चेयरमैन के उत्पीड़न से तंग आकर नगर पंचायत के एक कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली थी। कर्मचारियों न बुधवार को हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी। लिखित शिकायत करने वालों में उमेश कुमार, मनोज कुमार, अर्जुन, सूरज कुमार, चंदन, अतुल, श्रीकांत, विनोद कुमार, गनेश, राजीव, संजय कुमार, शंकर लाल, चंद्रप्रकाश, नीरज, आकाश आदि शामिल हैं। इनका कहना है
नगर पंचायत कर्मी हरेंद्र सिंह व उनकी पत्नी के आरोप बेबुनियाद हैं। कर्मचारी द्वारा सरकारी रिकॉर्ड लीक करने की जानकारी सभासदों से मिली थी। फोन कर कर्मचारी से इस बारे में जवाब तलब किया था। पांच बजे तक कर्मचारी कार्यालय नहीं लौटा तो कार्यालय का दरवाजा बंद किया था। घर का दरवाजा नहीं बंद किया गया था। गत वर्ष नगर पंचायत सहपऊ सफाई के मामले में टॉप पर थी। अब सफाई कर्मियों की लापरवाही से नगर पंचायत छठवें स्थान पर है। इसे लेकर जब सफाई कर्मियों से जिम्मेदारी से काम करने के लिए कहा तो वे इसे उत्पीड़न समझने लगे। किसी कर्मचारी से वह कोई निजी कार्य नहीं कराते हैं। रही बात हड़ताल पर जाने की तो कोई भी कर्मचारी हड़ताल के लिए तैयार नहीं है। बुधवार को सुचारू रूप से काम होगा।
-विपिन वशिष्ठ, नगर पंचायत अध्यक्ष