शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा में आएंगे डिप्टी सीएम व राज्यपाल
11-12 मार्च को गांव अहवरनपुर में होगा कार्यक्रम जुटेंगे भाजपा व संघ के दिग्गज।
जासं, हाथरस : भाजपा के पंजाब व चंडीगढ़ प्रांत के संगठन महामंत्री दिनेश कुमार के पैतृक गांव अहवरनपुर में 11 मार्च को शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा व लोकार्पण समारोह होगा। स्व. शांति देवी दयालु जी धर्मार्थ न्यास परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 12 मार्च को उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा समेत भाजपा के अनेक दिग्गज शामिल होंगे। इस संबंध में संगठन महामंत्री दिनेश कुमार ने गांव में बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की।
11 मार्च को दोपहर 11 बजे प्राण प्रतिष्ठा व मूर्ति स्थापना स्वामी नारायण शास्त्री वृंदावन कराएंगे। 12 मार्च को भंडारा होगा। इसमें जगदगुरु शंकराचार्य शारदा पीठ स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज जगदगुरु आश्रम, कनखल (हरिद्वार) सानिध्यता प्रदान करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बेबीरानी मौर्य, राज्यपाल उत्तराखंड करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि अश्वनी कुमार चौबे केंद्रीय स्वास्थ व परिवार कल्याण राज्य मंत्री होंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव, पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र चौधरी, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन के अलावा कई केंद्रीय व प्रदेश स्तरीय मंत्री भी शिरकत करेंगे। इसके अलावा ब्रजक्षेत्र के सांसद, विधायकों के अलावा उप्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, हरियाणा के सांसद, विधायक व आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी भी आएंगे।
इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक हलचल शुरू हो गई है। रास्ता दुरुस्त कराने के साथ ही इस बात का भी ध्यान दिया जा रहा है कि वाहनों की पार्किंग कहां हो। वाहनों को किस रास्ते से निकाला जाए, ताकि जाम न लगे। कार्यक्रम में करीब पांच हजार लोगों के आने की संभावना है। सोमवार को इसकी तैयारियों पर बैठक हुई। इसमें सांसद राजवीर सिंह दिलेर, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, डॉ.अविन शर्मा, नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा आदि मौजूद रहे।