विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आग की ऊंची लपटें देखकर थमे वाहनों के पहिये: हाथरस में ट्रैक्टर-पिकअप की भिड़ंत के बाद मैक्स गाड़ी जलकर राख

Published: Tue, 29 Sep 2026 10:42 AM (IST)

हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में आगरा रोड पर देर रात ट्रैक्टर और मैक्स पिकअप की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर ...और पढ़ें

HighLights

  1. सादाबाद में ट्रैक्टर और मैक्स पिकअप की जोरदार टक्कर।

  2. टक्कर के बाद मैक्स पिकअप में लगी भीषण आग, पूरी जली।

  3. हादसे के कारण आगरा रोड पर लगा लंबा जाम।

जागरण संवाददाता, हाथरस। कोतवाली सादाबाद क्षेत्र में आगरा रोड पर बरोस और सीस्ता के समीप सोमवार की देर रात्रि ट्रैक्टर और मैक्स पिकअप में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैक्स पिकअप में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन धू-धू कर जल उठा।

सड़क पर आग की ऊंची लपटें उठने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर सादाबाद की ओर से आलू लादकर आगरा की तरफ जा रहा था, जबकि मैक्स पिकअप आगरा से हाथरस की ओर आ रही थी।

हादसे के बाद आग का गोला बन गई पिकअप

बरोस-सीस्ता के बीच दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं मैक्स पिकअप आग का गोला बन गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और सादाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक मैक्स पिकअप पूरी तरह जल चुकी थी।

हादसे के कारण आगरा रोड पर लगी वाहनों की कतारें

गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। हादसे के कारण आगरा रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर यातायात व्यवस्था संभाली। क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर और जली हुई मैक्स पिकअप को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सुचारू हो सका।

यह भी पढ़ें- यूपी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगेगी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, ARTO में होगा रजिस्ट्रेशन

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और रात में कम दृश्यता को कारण माना जा रहा है।