कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ के मध्यावधि चुनाव की घोषणा
14 को नामांकन, 16 को मतदान के बाद होगी मतगणता
जागरण संवाददाता, हाथरस : उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ की हाथरस शाखा के चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। 10 कर्मचारियों के अविश्वास के बाद मध्यावधि चुनाव कराने की घोषणा संघ के अध्यक्ष शशिकांत गौतम ने की है। 16 जनवरी को चुनाव के साथ परिणाम भी घोषित किया जाएगा।
बता दें कि उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ की हाथरस शाखा का कार्यकाल 21 मार्च को पूरा हो रहा है। मार्च में लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने की भी संभावना है। इसको देखते हुए पिछले दिनों कर्मचारियों की बैठक बुलाई गई थी। संघ के कुल 56 कर्मचारियों में से बैठक में 36 कर्मचारी बैठक में उपस्थित हुए। बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि कार्यकाल समाप्त होने के दौरान चुनावी अधिसूचना के चलते संघ का चुनाव कराया जाना संभव नहीं होगा, इसलिए वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल छह माह के लिए बढ़ा दिया जाए। बताते हैं इस प्रस्ताव पर 10 कर्मचारियों ने अविश्वास जाहिर किया। दो कर्मचारियों ने कोई मत नहीं दिया। वहीं 24 कर्मचारियों ने प्रस्ताव पर समर्थन जाहिर किया। 10 कर्मचारियों के आपत्ति जाहिर करने के बाद वर्तमान अध्यक्ष शशिकांत गौतम और मंत्री सतीश चंद्र ने कार्यकारिणी भंग कर मध्यावधि चुनाव कराने की घोषणा कर दी। इसका कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार 14 जनवरी को नामांकन पत्र वितरण, जमा करने, नाम वापसी और फाइनल उम्मीदवारों की सूची तैयार करने की प्रकिया शुरू होगी। इसके बाद 16 जनवरी को 11 से 1 बजे तक मतदान होगा। शाम को मतगणना के बाद संघ की कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।