अवैध तमंचा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, दो धरे
बिसावर क्षेत्र के खंडहर में तमंचा बना रहे थे हथियार
संवाद सूत्र, हाथरस : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस कड़ी चौकसी बरत रही है। ऐसे में एसपी के निर्देशों के तहत अभियान भी चल रहा है। कोतवाली पुलिस ने बिसावर क्षेत्र के खंडहर में चल रही अवैध फैक्ट्री का खुलासा करते हुए दो लोगों को धरा है। इनके कब्जे से बने अधबने हथियार व उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस शातिरों से पूछताछ कर रही है।
कोतवाली पुलिस अभियान के तहत सघन गश्त कर रही है। इसी दौरान ही अवैध तमंचा फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी पर सीओ योगेश कुमार व प्रभारी निरीक्षक अरविद कुमार राठी ने टीम सहित नगला सिसौन के निकट बंद पड़े पुराने पेट्रोल पम्प के पीछे खंडहर की घेराबंदी की। पुलिस ने तमंचा बनाते दो लोगों को दबोच लिया। मौके से नौ तमंचे 315 बोर, एक तमंचा अधबना, 6 नाल लोहे की विभिन्न साइज की, लोहे की पत्ती, रेती, छेनी, सुम्मी, ब्लेड लोहे काटने के, प्लास आदि तमंचा बनाने का सामान बरामद किया। पकड़े गये लोगों ने पूछताछ मे अपना नाम सुभाष सिंह पुत्र बच्चू सिंह निवासी पनवारी सिकन्दरा (आगरा) व रवि सिंह पुत्र मेहरबान निवासी सिकन्दरा (आगरा) बताया। सुभाष सिंह इस तरह के मामलों में पहले भी थाना सिकन्दरा में पकड़ा जा चुका है। टीम में एसआइ संजयपाल सिंह राघव, सुधीर कुमार राघव, अफरोज खां, पलवेन्द्र सिंह, विवेक मलिक, पंकज कुमार, सचिन शर्मा, गुरमीत, अजय चौधरी, सचिन धामा आदि शामिल रहे।