हाथरस जिले की दो ग्राम पंचायतों पर उपचुनाव आज
जनपद की सासनी और सहपऊ की दो ग्राम पंचायतों पर प्रधान पद के लिए उप चुनाव होगा।
जागरण टीम, हाथरस: जनपद की सासनी और सहपऊ की दो ग्राम पंचायतों पर प्रधान पद के लिए उप चुनाव कराने के लिए पोलिग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रविवार की दोपहर ही रवाना हो गईं और शाम मतदान केंद्र पर पहुंचकर तैयारी में जुट गईं। सोमवार को चार बूथों पर दोनों पंचायतों पर उप चुनाव होना है। मंगलवार को मतगणना होगी और शाम तक साफ हो जाएगा कि गांव वालों का अगला प्रधान कौन होगा। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त फोर्स की व्यवस्था प्रशासन की ओर से कर दी गई है। जिले में 36 ग्राम पंचायत सदस्य चुन लिए गए हैं।
1330 मतदाता चुनेंगे नया प्रधान
संसू,सासनी: विकास खंड की ग्राम पंचायत चंदैया में प्रधान पद के उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान होना तय है। रविवार को विकास खंड परिसर से पोलिग पार्टी रवाना की गईं। ग्राम पंचायत में कुल 1330 मतदाताओं द्वारा तीन पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया जाएगा। प्रशासन द्वारा मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पोलिग पार्टी गांव में पहुंचने के साथ ही पुलिस एवं प्रशासन द्वारा पोलिग पार्टी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गांव में बूथों का दौरा किया। प्रधान चंदैया के ग्रामीणों ने फर्जी प्रमाण पत्र होने की शिकायत की थी जिसके आधार पर जिलाधिकारी ने जांच कमेटी गठित कर जांच के बाद प्रधान को पद से बर्खास्त कर दिया था। तब से प्रधान का पद रिक्त था। सोमवार को इसके लिए पुन: मतदान कराया जा रहा है।
855 मतदाता छह प्रत्याशियों के भाग्य का करेंगे फैसला
संवाद सूत्र, सहपऊ : विकास खंड की ग्राम पंचायत कोंकना खुर्द में ग्राम प्रधान पद के लिए उप चुनाव होगा। इस उप चुनाव के लिए सोमवार को मतदान किया जाएगा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतदान से एक दिन पूर्व रविवार को सहपऊ विकास खंड दफ्तर से एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे की देखरेख में दो पोलिग पार्टियां मतदान पेटियां और चुनाव सामग्री लेकर पुलिस बल के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गईं। कोंकना खुर्द में वर्तमान ग्राम प्रधान की कुछ समय पहले हुई मौत के बाद ग्राम प्रधान का पद रिक्त चल रहा था। ग्राम पंचायत से प्रधान पद के लिए छह प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्राम पंचायत के करीब 855 मतदाता इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए ग्राम पंचायत में 2 बूथ बनाए गए हैं।