बाइक से टक्कर में मोपेड सवार की मौत
फोटो-31 व 32 ब्लर्ब- हाथरस जंक्शन में देर शाम हुआ हादसा दरियापुर के व्यक्ति की उपचार से पूर्व ही रास्ते में हुई मौत
संवाद सहयोगी, हाथरस : रविवार देर शाम को हाथरस जंक्शन के निकट एक मोटर साइकिल व मोपेड में जबरदस्त टक्कर से तीन लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। दो लोगों को अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। उपचार से पूर्व ही मोपेड सवार की मौत हो गई।
हाथरस जंक्शन के दरियापुर निवासी 50 वर्षीय भूपेंद्र पाल सिंह पुत्र सुखराम प्राइवेट कंपनी में बीमा का कार्य करते थे। रविवार की शाम मोपेड से कस्बे के लिए निकले थे। तभी गांव के मुख्य मार्ग पर उनकी मोपेड एक मोटर साइकिल से टकरा गई। हादसे में मोपेड सवार के अलावा मोटर साइकिल सवार जोनी पुत्र हरदत्त व हेमराज पुत्र सूरजपाल निवासीगण गांव नगला वीर सहाय भी घायल हो गए। एंबुलेंस के जरिए तीनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से चिकित्सकों ने भूपेंद्र पाल सिंह और जोनी को अलीगढ़ रेफर कर दिया। प्राइवेट एंबुलेंस के जरिए परिजन भूपेंद्र पाल सिंह को अलीगढ़ ले जा रहे थे। तभी रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। भूपेंद्र के परिवार में बेटा सुभाष व पत्नी हैं। पिता की मौत हो जाने की जानकारी लगते ही जिला अस्पताल में बेटा दहाड़ मारकर रोने लगा। मौत की सूचना हाथरस जंक्शन पुलिस को भी दे दी गई थी। सड़क हादसे में महिला प्रधान घायल
सादाबाद : ग्राम पंचायत वेदई की प्रधान मिथिलेश देवी पत्नी तिलक सिंह रविवार की देर शाम आगरा मार्ग पर वेदई बंबा के निकट ही सड़क पार कर रही थीं। जैसे ही वह सड़क पार करके वेदई मोड़ की तरफ आईं, सादाबाद से आगरा की तरफ जा रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उनको टक्कर मार कर बाइक समेत भाग गया। दुर्घटना में प्रधान को गंभीर चोट आई। परिजन तत्काल पहुंचे और महिला प्रधान को निकट के अस्पताल ले आए। हालत गंभीर होने पर उनको आगरा ले गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।