जागा प्रशासन, 87 वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर टेप
-सादाबाद में हादसे के बाद डीएम ने एआरटीओ को दिए निर्देश -आगरा-अलीगढ़ व मथुरा-बरेली राजमार्ग पर चलाया अभियान
संवाद सहयोगी, हाथरस : सादाबाद में होलिका दहन वाले दिन हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद प्रशासन एक बार फिर नींद से जागा। शुक्रवार को डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का अभियान चलाने के निर्देश दिए। एआरटीओ ने निर्देशों को अमली जामा पहनाते हुए पहले दिन 87 वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाया।
इससे पहले छह फरवरी को बाईपास पर श्रद्धालुओं की बस पलटने के बाद भी अभियान चलाकर वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए थे। शुक्रवार को डीएम की बैठक के बाद एआरटीओ महेश कुमार शर्मा ने आगरा-अलीगढ़ और मथुरा-बरेली राजमार्ग पर अभियान चलाकर ट्रक, ट्रैक्टर, मेटाडोर और टेम्पो आदि वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाया। इस टेप पर रेडियम लगा होता है। यह टेप वाहन के आगे और पीछे लगाया जाता है। रात के अंधेरे या घने कोहरे में यह रेडियम चमक उठता है, जिससे सामने से या पीछे से आ रहे वाहन से भिड़ंत का खतरा नहीं रहता। एआरटीओ के मुताबिक एक सप्ताह का यह अभियान 28 मार्च तक जारी रहेगा। इसके बाद जो भी वाहन बिना रिफ्लेक्टर टेप के मिलेगा, उसका चालान काटा जाएगा। अभियान के दौरान लायंस क्लब के अध्यक्ष अशोक कपूर आदि मौजूद रहे।