बाजार में व्यापारी से लूट की कोशिश, फायरिग
फायरिग से इलाके में दहशत पुलिस छानबीन में जुटी ब्लर्ब- शहर के बीचों-बीच नजिहाई बाजार में दो बदमाशों ने किया लूट का प्रयास
जासं, हाथरस : शहर के बीचों-बीच कोतवाली सदर क्षेत्र के नजिहाई बाजार में शुक्रवार रात करीब साढे़ नौ बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक व्यापारी से लूट की कोशिश की। कामयाब न होने पर फायरिग करते हुए भाग गए।
शहर के मोहनगंज निवासी विकास अग्रवाल पुत्र राकेश अग्रवाल किराने का व्यापार करते हैं। मधुगढ़ी के पास उनकी दुकान है। शुक्रवार को वह तगादा करने बाजार गए थे। विकास खुद स्कूटी पर सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब साढ़े नौ बजे नजिहाई बाजार में एक व्यापारी के यहां पेमेंट लेने के लिए रुके, तभी पत्थर बाजार की तरफ से बाइक पर सवार दो बदमाश आए। उनके चेहरे पर रूमाल बंधे थे। उन्होंने विकास की तरफ तमंचा तान थैला लूटने की कोशिश की। इतने में विकास अपनी स्कूटी छोड़कर पैदल ही पत्थर बाजार की तरफ भाग लिए। बदमाशों ने उनका पीछा किया, लेकिन तभी वहां भीड़ इकट्ठी होने लगी। इस पर बदमाश फायरिग करते हुए भाग गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और छानबीन की। व्यापारी भी पुलिस के साथ कोतवाली पहुंचे। पीड़ित ने तहरीर दी। एसएचओ प्रवेश राणा का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।