नवीन हत्याकांड में तीनों आरोपितों ने किया सरेंडर
खाकी की नाकामी एक साल पहले हुई ई-रिक्शा चालक नवीन निवासी तमनागढ़ी की हत्या पत्नी, भाई व चाचा ने अवैध संबंधों के चलते दिया था घटना को अंजाम
जागरण संवाददाता, हाथरस : नवीन की हत्या में फरार चल रही उसकी पत्नी, भाई व चाचा ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। इन्हें दबोचने में पुलिस नाकाम रही है। अवैध संबंधों के चलते घर में ही गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस अब हत्यारोपितों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
22 फरवरी 2017 की रात तमनागढ़ी निवासी नवीन (24) पुत्र धनपत का घर में गला रेत दिया गया था। 28 फरवरी को आगरा में उपचार के दौरान उसकी मौत हुई थी। नवीन ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शादी को छह साल ही हुए थे। हत्या के समय चार साल की बच्ची थी तथा पत्नी शोभा गर्भवती थी। पुलिस को गुमराह करते हुए पिता धनपत ने अपने चचेरे भाई बनी ¨सह सहित सात अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। दोनों के बीच जमीनी विवाद था। पुलिस को शुरुआत से ही परिजनों की कहानी पर शक था, लेकिन ठोस सबूत के अभाव में कार्रवाई नहीं कर सकी थी। पत्नी गर्भवती थी, सो पूछताछ भी ठीक से नहीं हो पाई। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए परिजन डीजीपी कार्यालय तक पहुंच गए थे। लगातार शिकायतों के चलते पुलिस बैकफुट पर थी। मामले की जांच सीओ सिटी सुमन कन्नौजिया कर रही थीं। जांच में हत्या में परिजनों का हाथ ही निकला। पुलिस ने नवीन की पत्नी शोभा, उसके छोटे भाई अमित उर्फ कालू पुत्र धनपत व चाचा संजय पुत्र किशोरीलाल को आरोपित बनाया। तीनों के घर पर 29 जनवरी 2018 को सीआरपीसी की धारा 82 के नोटिस चस्पा किए गए थे।
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि कुर्की के डर से तीनों आरोपित सरेंडर कर चुके हैं। पहले 4 फरवरी को संजय ने सरेंडर किया था। इसके बाद 11 फरवरी को अमित व शोभा ने साथ में सरेंडर किया। पहले संजय की रिमांड के लिए पुलिस ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। अब सभी को रिमांड पर लेकर इनसे हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया जाएगा।