बिना विद्युत कनेक्शन ही हस्तांतरित कर दिए गए 900 कांशीराम आवास
हालात कांशीराम कालोनी में टूटे पड़े हैं दरवाजे व खिड़कियां किला खाई में अवैध रूप से रह रहे लोगों को मिलेंगे यह आवास
संवाद सहयोगी, हाथरस : कांशीराम कालोनी के शेष 900 आवासों को बिना विद्युत कनेक्शन के ही गलत ढंग से डूडा को सौंप दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को पालिका, डूडा व विद्युत विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। किला खाई में अवैध रूप से रह रहे लोगों को शिफ्ट किया जाने की कवायद के चलते यह निरीक्षण किया गया।
जलेसर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी के शेष रह हिस्से का निमार्ण कार्य पूरा होने के बात कहकर इसे डूडा को सौंप दिया गया। मजे की बात यह है कि इस कॉलोनी का विद्युत कनेक्शन ही नहीं कराया गया था। साथ ही इसे डूडा की जगह नगर पालिका परिषद को सौंपा जाना था। इस कॉलोनी का निर्माण उस समय आवास विकास परिषद ने कराया था। वर्ष 2016 में इसे जल्दबाजी दिखाते हुए डूडा को सौंप दिया गया। इससे पहले इसी कालोनी के पहले बने सभी ब्लॉकों के आवासों को निर्माणदायी संस्था ने सीधे नगर पालिका को सौंप दिया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को निरीक्षण नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद गंगवार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा व डूडा के परियोजना अधिकारी अनुपम गर्ग ने किया।
इनका कहना है:
कांशीराम कॉलोनी के करीब 900 आवासों को गलत ढंग से डूडा को हस्तांतरित कर दिया गया है। बिना विद्युत कनेक्शन के इसे निर्माणदायी संस्था को हस्तांतरित नहीं करना था।
- डॉ. विवेकानंद गंगवार, ईओ