लक्ष्मण के 18 और रवि के बॉडी में मिलीं 14 गोलियां
-ताबड़तोड़ फाय¨रग से छलनी कर दिए थे दोनों के शव, पुलिस हैरान -गुरुवार की रात कई बार कराना पड़ा शवों का एक्स-रे
जागरण संवाददाता, हाथरस : हमलावरों में भी लक्ष्मण पहलवान का खौफ था। उसकी पहुंच व धमक से वे बखूबी परिचित थे। इसीलिए पूरे इंतजाम के साथ लक्ष्मण पर हमला किया गया। उस पर एक-दो नहीं, बल्कि 18 गोलियां बरसाई गई थीं। रवि के शरीर में भी 14 गोलियां मिली हैं। पोस्टमार्टम के दौरान कई बार शव का एक्स-रे करना पड़ा। सुबह तक पोस्टमार्टम चला। लक्ष्मण पहलवान का हाथरस में ही अंतिम संस्कार किया गया, जबकि रवि के शव को उसके गांव नगला मदारी ले जाया गया।
शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में दोनों शवों के अंतिम संस्कार हुए। गुरुवार की दोपहर डेढ़ बजे जोगिया बंबा के पास घेरकर लक्ष्मण पहलवान व उसके साथी रवि पहलवान पर हमला किया गया था। डिजायर कार से आगे से तथा स्कॉर्पियो से पीछे से घेरा गया। हथियारों से लैस आठ-दस हमलावरों ने लक्ष्मण की कार पर ताबड़तोड़ फाय¨रग की थी। शरीर का शायद ही कोई हिस्सा बचा था, जहां गोली न लगी हो। यही हाल रवि का था। एफआइआर लिखने में हुई देरी के कारण डीएम व एसपी की अनुमति के बाद रात को ही पोस्टमार्टम शुरू हुआ। दो चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार लक्ष्मण के शरीर से लगभग 18 व रवि के शरीर से 14 गोलियां बरामद की गई हैं। शव की हालत से साफ था कि हमलावर नहीं चाहते थे कि कहीं कोई चूक रह जाए। यदि लक्ष्मण बच जाता तो दूसरे पक्ष के कई लोगों का ढेर होना तय था। इसी खौफ में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। इसके बाद लक्ष्मण की कनपटी से सटा कर भी कई गोलियां दागी गईं, जिससे बचने की गुंजाइश न रहे।
शुक्रवार तड़के परिजनों को शव मिले। लक्ष्मण का अंतिम संस्कार नगला तुंदला स्थित शमशान में हुआ। रवि की अंत्येष्टि पैतृक गांव नगला मदारी (बिसावर) में हुई। इस दौरान दोनों जगह पुलिस बल मौजूद रहा। अब पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। शूटआउट में शामिल तालेवर गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, हाथरस : लक्ष्मण पहलवान व उसके साथी रवि की हत्या करने वाले मुख्य आरोपित भोला पहलवान के साथी तालेवर को पुलिस ने शुक्रवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर व कार बरामद की गई है। शेष आरोपितों की तलाश की जा रही है।
दोहरे हत्याकाड के बाद से ही पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई थी। चार टीम गठित की गई थीं। एसएचओ हाथरस गेट जितेंद्र कुमार दीक्षित व सर्विलास प्रभारी सुधीर राघव की टीम को शुक्रवार रात पहली कामयाबी मिली। पुलिस ने रात दस बजे तालेवर निवासी मलपुरा, आगरा को गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिली थी कि वह इगलास से हाथरस की ओर लौट रहा है। पकड़ में आने के बाद उसने बताया कि वह भोला के पास से आ रहा है। पुलिस ने भोला के ठिकाने पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा के अनुसार तालेवर ने घटना में शामिल होना कबूल किया है। शनिवार को आरोपित को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीम काम कर रही हैं, जल्द ही सभी आरोपित पकड़ लिए जाएंगे। रात भर पुलिस ने पकड़े गए आरोपित से पूछताछ की।