उल्टी-दस्त की चपेट से दर्जन भर बीमार
कार्यालय संवाददाता, हाथरस : शुक्रवार को गांव कानऊ में डायरिया का प्रकोप फैलने की जानकारी से हेल्थ महकमे में हड़कंप मच गया। दर्जन भर से अधिक बच्चों के बीमार होने की सूचना ग्राम प्रधान ने दी तो डाक्टरों की टीम पहुंच गई। उपचार चल रहा था।
हसायन प्रतिनिधि के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ ही बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ गया है। शुक्रवार की दोपहर को गांव कानऊ में एक के बाद एक करके कई बच्चे उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए। इसकी जानकारी जैसे ही प्रधान श्रीमती निर्मला देवी को हुई तो उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर बीमारी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही तत्काल डा.रवि कौशिक अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे।
डाक्टर की टीम ने वहां पर इलाज शुरू कर दिया। इस बीमारी के चलते डेढ़ साल की कुसुम पुत्र रोहिताश, आयरन (डेढ़ माह) पुत्री वीरेन्द्र, लक्ष्मी (एक साल) पुत्री धर्मपाल, कान्या (डेढ़ साल) पुत्र धर्मपाल, श्याम (8) पुत्र होरीलाल, कालू (दो) पुत्र रोहितश, पिंकी (12) पुत्री रामवीर आदि का उपचार किया गया। डाक्टर की टीम देर शाम तक जमी रही।
प्रधान निर्मला देवी का कहना है कि बीमारी की सूचना पर तत्काल ही टीम पहुंच गई जिससे बीमारी पर तत्काल नियंत्रण पा लिया गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर