हरदोई में करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत, परिवारों में मातम का माहौल
दो अलग-अलग घटनाओं में हरदोई में करंट लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जिससे उनके परिवारों में मातम ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
हरदोई में करंट लगने से दो महिलाओं की मौत हुई।
संडीला में सोलर प्लांट के खुले तार से हादसा हुआ।
हरपालपुर में टीन शेड के लोहे के पाइप में करंट आया।
जागरण संवाददाता, हरदोई। करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। संडीला में सोलर प्लांट का खुला तार महिला के लिए काल बन गया। वहीं हरपालपुर में टीन शेड के लोहे के पाइप में उतरे करंट की चपेट में आकर महिला की जान चली गई। उसे बचाने दौड़ा देवर भी झुलस गया। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम छा गया।
संडीला के मुन्नूखेड़ा गांव निवासी रोशनी घर पर खाना बनाने की तैयारी कर रही थीं। वह दरवाजे के पास झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान वहां पड़े सोलर प्लांट के खुले तार पर उनका पैर पड़ गया। तार में करंट दौड़ रहा था। चपेट में आते ही रोशनी बेहोश होकर गिर पड़ीं। पति निर्मल ने आनन-फानन उन्हें उठाया और इलाज के लिए लखनऊ ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। रोशनी के परिवार में एक बेटा और दो छोटी बेटियां हैं।
पति गांव में मिठाई की दुकान चलाते हैं। हरपालपुर के देहलिया गांव में घुन्नू की पत्नी सीलम रविवार को घर के अंदर टीन शेड के नीचे से गुजर रही थीं। शेड को सहारा देने वाले लोहे के पाइप में अचानक करंट उतर आया। सीलम ने जैसे ही पाइप पकड़ा, वह करंट की चपेट में आ गईं। उन्हें तड़पता देख देवर सूरज बचाने दौड़ा और वह भी झुलस गया।
ग्रामीणों ने डंडे के सहारे दोनों को अलग किया, लेकिन तब तक सीलम की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, घुन्नू दस दिन पहले रोजगार की तलाश में दिल्ली गया था। सीलम चार बेटों और दो बेटियों को पीछे छोड़ गई हैं। सबसे छोटी बेटी कामिनी महज तीन माह की है। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
