शाहाबाद में महिला, संडीला में वृद्ध का लटकता मिला शव
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उधरनपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे पर लटकता मिला।
शाहाबाद-संडीला: शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक महिला का संदिग्ध हालत में शव लटकता मिला तो संडीला में एक वृद्ध का फंदे से शव लटकता मिला।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उधरनपुर निवासी रूपा (27)पत्नी अवधेश का शव रविवार को घर के अंदर अपनी साड़ी से फंदे में लटकता मिला। महिला का मायका थाना सांडी क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर में है। पांच वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। मृतका का पति नशेड़ी प्रवृत्ति का है और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता रहता था। कोतवाल जितेंद्र कुमार ओझा ने बताया कि जांच कर कार्रवाई होगी। वहीं संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकरा दाऊदपुर निवासी रामविलास (60) पुत्र देवी ने शनिवार की रात घर में रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। परिवारीजन ने बताया कि रामविलास के घर में पत्नी मुन्नी के अलावा पांच पुत्रियां व एक पुत्र है। पति पत्नी के बीच गत पांच वर्षो से विवाद चल रहा था। विवाद के कारण रामविलास गांव के बाहर औरास जाने वाले मार्ग पर अपना अलग घर बनाकर रह रहा था और वहीं पर जान दे दी।