हरदोई में बरात जाने के एक दिन पहले दूल्हे को गोली मारी
बरात ले जाने की तैयारियों के बीच दूल्हे को गोली मार दी गई। इससे शादी समारोह की तैयारियां मातम में बदल गईं।
हरदोई (जेएनएन)। बरात ले जाने की तैयारियों के बीच दूल्हे को गोली मार दी गई। इससे शादी समारोह की तैयारियां मातम में बदल गईं। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम लखमापुर में रहने वाले युवक की गुरुवार को बरात जाने वाली थी। वह एक दिन पहले रात में गोली लगने से घायल हो गया। बाद गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों को पुलिस ने अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध लग रही है।उल्लेखनीय है कि हाल ही में हर्ष फायरिंग के नाम पर एक दूल्हे की गोली लगने से मौत हो गई थी।
गोली दूल्हें के सीने में लगी
लखमापुर निवासी छोटे पुत्र रामनरेश की गुरुवार को लोनार थाना क्षेत्र के भदौर गांव में बरात जाने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां पूरी थी। रिश्तेदार भी मौजूद थे, बुधवार रात वह गर्रा नदी की तरफ गया था और वहीं पर उसकी गोली लग गई। सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वैसे गोली मारने का कोई कारण साफ नहीं हो सका और न ही पुलिस को कुछ मिला लेकिन पिता रामनरेश ने रंजिशन गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पुत्र छोटे नदी के किनारे खेत में भूसा देखने गया था, जहां पहले से ही घात लगाए बैठे गांव के ही राकेश पुत्र चिरौंजी, कामता पुत्र मेवाराम व रामविलास पुत्र द्वारिका ने उसके पुत्र के सीने में गोली मार दी।
मेंहदीपुर वालों ने देखा एक अनजान व्यक्ति
वहीं लोगों का कहना है कि छोटे शाम को मेंहदीपुर गांव के एक व्यक्ति के साथ दो लोगों के साथ बाइक पर देखा गया था। उनकी बाइक को नदी पार करा कर वह वापस आ रहा था। इसी दौरान यह घटना घटित हो गई। वह दो लोग कौन थे पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दूसरा अनजान व्यक्ति कौन था? बताते चलें एक आरोपी की पत्नी ने न्यायालय के आदेश के तहत कुछ वर्ष पूर्व घायल के साथ अन्य व्यक्तियों पर अभियोग पंजीकृत कराया था। जिसमें चिरौंजी व रामविलास गवाह थे। क्या इसी रंजिश के तहत यह सब तो नहीं हुआ? फिलहाल यह जांच का विषय है।