विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोजगार के साथ नई जिम्मेदारी, हरदोई की महिलाएं बनीं 'आपदा मित्र', वितरित की गई विशेष राहत किट

Published: Tue, 18 Aug 2026 08:01 AM (IST)

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को हरदोई में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे रोजगार के साथ-साथ आपात ...और पढ़ें

आपदा के समय मदद करेंगी महिलाएं।

आपदा के समय मदद करेंगी महिलाएं।

HighLights

  1. हरदोई की स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण।

  2. प्राथमिक उपचार, सर्पदंश, अग्निकांड जैसे विषयों पर मिली जानकारी।

  3. प्रशिक्षित महिलाओं को विशेष राहत किट भी की गई वितरित।

जागरण संवाददाता, हरदोई। अब स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सिर्फ रोजगार और कौशल विकास तक सीमित नहीं रहेंगी। आपदा के समय जरूरतमंदों की मदद के लिए भी आगे आएंगी। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की पहल पर महिलाओं को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें प्राथमिक उपचार समेत आपात स्थिति में मदद करने के तरीके बताए गए। साथ ही राहत किट भी वितरित की गई।

रसखान प्रेक्षागृह में सोमवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव ने किया। उन्होंने बताया कि इस पहल की शुरुआत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखकर की गई है। आपदा के दौरान स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित महिलाएं तत्काल मददगार साबित हो सकती हैं।

प्रशिक्षण में एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक अमित भार्गव ने आपदा प्रबंधन की आधारभूत जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर सौरभ गुप्ता ने एचआरवीसीए का अर्थ, महत्व और उद्देश्य समझाया। इतिशा गुप्ता ने स्वयं सहायता समूह और आईसीआरपी की भूमिका बताई। पंकज त्रिवेदी ने आपदा प्रबंधन में समूह की महिलाओं की जिम्मेदारी पर प्रशिक्षण दिया।

डॉ. प्रदीप गौतम और डॉ. राजेश वर्मा ने प्राथमिक उपचार, सर्पदंश, सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट की जानकारी दी। उपनिरीक्षक सुशील कुमार सिंह ने अग्निकांड और समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन के बारे में बताया। आपदा विशेषज्ञ ज्ञानदीप शर्मा ने भूकंप, बाढ़, आकाशीय बिजली, अग्निकांड, सर्पदंश और घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की तकनीक समझाई।

एडीएम दीपाली भार्गव ने प्रशिक्षित महिलाओं को विशेष राहत किट दी गई है। इसमें आपदा के समय प्राथमिक सहायता और जरूरी जानकारी से संबंधित सामग्री के साथ सीडी भी शामिल है। उद्देश्य यह है कि आपदा के दौरान विशेषज्ञ सहायता पहुंचने से पहले महिलाएं स्थानीय स्तर पर प्राथमिक मदद उपलब्ध करा सकें। कार्यक्रम में प्रभारी अधिकारी गुलाब चन्द्र, अनुज कुमार, परमानंद दीक्षित, हर्ष दीक्षित, विशाल दीक्षित और अजय मिश्रा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- हरदोई में 1494 गरीब बेटियों के हाथ पीले कराएगी सरकार, सामूहिक विवाह योजना के तहत डीएम ने तय की जिम्मेदारी