इंटरनेशनल खिलाड़ी पूनम तिवारी को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया सम्मानित, बढ़ाया हरदोई का मान
हरदोई की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूनम तिवारी को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में सम्मानित किया। यह सम्मान उनके ...और पढ़ें

दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ अंतरराष्ट्रीय कोच पूनम तिवारी व सम्मानित अन्य खिलाड़ी
HighLights
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूनम तिवारी को नई दिल्ली में सम्मानित किया।
खेल और समाज सेवा में उनके उत्कृष्ट योगदान को सराहा गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरदोई की बेटी ने देश का नाम रोशन किया।
जागरण संवाददाता, हरदोई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली जिले की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी पूनम तिवारी को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में एक विशेष समारोह में सम्मानित किया है। पूनम की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और हर्ष का माहौल है। जिले के अधिकारियों व खेल प्रेमियों ने उनके ऐतिहासिक और प्रेरणादायक योगदान को सराहा गया है।
पूनम तिवारी का खेल और सामाजिक सफर युवाओं के लिए एक बड़ी मिसाल है। उन्होंने वर्ष 1996 से अपनी खेल यात्रा शुरू की और 2002 में दक्षिण कोरिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 1 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर देश का तिरंगा लहराया था। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2002 से 2018 तक लगातार 16 वर्षों तक जिला खेल कार्यालय हरदोई में एनआईएस (एडहाक कोच) के रूप में अपनी सेवाएं दीं और अनगिनत नई खेल प्रतिभाओं को तराशने का काम किया।
खेल के तकनीकी और प्रशासनिक विकास में भी अहम योगदान
खेल के मैदान पर उन्होंने साउथ एशियन चैंपियनशिप समेत कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निष्पक्ष रेफरी और ऑफिशियल की भूमिका भी निभाई है। खेल के तकनीकी और प्रशासनिक विकास में भी उनका अहम योगदान रहा है।
वह भारतीय ओलंपिक संघ से संबद्ध रहकर हैंडबॉल, योगा, आर्म रेसलिंग और जूडो जैसे खेलों के उत्थान के लिए सक्रिय रहीं तथा देश के 26 राज्यों की सहभागिता वाली राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का कुशल संचालन किया।
खेल के अलावा सामाजिक जिम्मेदारियों निभाते हुए उन्होंने लोकतंत्र के महापर्व में स्वीप आइकन के रूप में मतदाताओं को जागरूक किया तथा पुलिस बल, सेना, मीडिया और युवा खिलाड़ियों को शारीरिक दक्षता एवं अनुशासन का निस्वार्थ प्रशिक्षण भी दिया।
इन्हीं उपलब्धियों को देखते हुए शुक्रवार को अपने आवास पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय दल के अन्य विशिष्ट खिलाड़ियों के साथ उनको भी सम्मानित किया। इनमें मलेशिया में होने वाली कामनवेल्थ चैंपियनशिप (60 किग्रा पुरुष भार वर्ग) के लिए चयनित भारतीय स्ट्रेंथ लिफ्टिंग टीम के चीफ कोच एवं विश्व मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के पदक विजेता संदीप कुमार कड़वासरा (हरियाणा), विश्व चैंपियनशिप के ब्रांज मेडल विजेता राजीव शर्मा (दिल्ली), और किर्गिस्तान में आयोजित स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में दो स्वर्ण पदक जीतकर विश्व महिला का खिताब हासिल करने वाली अर्चना (राजस्थान) शामिल रहे।
