विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

4.91 करोड़ की लागत से सुधरेंगे हरदोई की शाहाबाद की सड़कों के दिन, लोक निर्माण विभाग ने दी मंजूरी

Published: Sat, 24 Oct 2026 02:46 PM (IST)

हरदोई के शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र की 22 ग्रामीण सड़कों की मरम्मत के लिए 4.91 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसमें ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. शाहाबाद की 22 ग्रामीण सड़कों की मरम्मत के लिए मिली मंजूरी।

  2. 4.91 करोड़ रुपये की लागत से होगा सड़कों का कायाकल्प।

  3. बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों से आवागमन अब होगा सुगम।

जागरण संवाददाता, हरदोई। बारिश के बाद जर्जर हुई शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र की 22 ग्रामीण सड़कों की विशेष मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के प्रयासों से शासन ने इन मार्गों की मरम्मत के लिए 4 करोड़ 91 लाख 9 हजार रुपये के कार्यों को स्वीकृति दी है। इनमें से 1 करोड़ 71 लाख 87 हजार रुपये आवंटित भी किए जा चुके हैं। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-1 की ओर से मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। इससे संबंधित गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

स्वीकृत मार्गों में आंझी संपर्क मार्ग, दलेलनगर-बुधनपुर लिंक रोड, सिकंदरपुर-खरगपुर संपर्क मार्ग, मझिला थाना से मझिला गांव जाने वाला मार्ग, आंझी-आलमनगर मार्ग से पतियादेव मार्ग और राजपुर गुलरिया-बहिगवां लिंक रोड प्रमुख हैं। बारिश के बाद सड़कों की सतह उखड़ने, गिट्टी निकलने और गड्ढे होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। इसका असर किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों के स्कूल-कालेज जाने और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों तक ले जाने पर पड़ता है। मरम्मत होने से इन समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।

प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान ग्रामीण मार्गों और पुलियों के अनुरक्षण एवं मरम्मत के लिए कुल 275.69 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके तहत प्रदेश के 3,659 ग्रामीण मार्गों पर मरम्मत और रखरखाव के कार्य कराए जाने हैं। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के 22 मार्ग भी इस सूची में शामिल हैं।

गड्ढे भरने से लेकर सड़क की सतह सुधारने तक के होंगे काम

विशेष मरम्मत के तहत सड़क की स्थिति के अनुसार क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त किया जाएगा। इसमें गड्ढे भरना, उखड़ी सतह की मरम्मत करना और जरूरत के अनुसार सड़क पर नई बिटुमिनस परत बिछाना जैसे काम शामिल हो सकते हैं। इससे सड़क की सतह समतल करने और आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी। प्रत्येक मार्ग पर होने वाले कार्यों का निर्धारण विभाग की ओर से तैयार किए जाने वाले विस्तृत आगणन और स्वीकृत तकनीकी विवरण के आधार पर होगा।


तकनीकी स्वीकृति के बाद शुरू होगा काम

धनराशि आवंटित होने के बाद लोक निर्माण विभाग अब संबंधित मार्गों का विस्तृत आगणन तैयार करेगा। इसमें मरम्मत के कार्यों, उनकी मात्रा और अनुमानित लागत का ब्योरा तैयार किया जाएगा। इसके बाद सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति ली जाएगी। जरूरी विभागीय और निविदा संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने तथा कार्यादेश जारी होने के बाद मरम्मत शुरू कराई जा सकेगी। शासनादेश के मुताबिक, विभाग को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराने होंगे। आवंटित धनराशि का इस्तेमाल केवल स्वीकृत मार्गों की मरम्मत पर ही किया जा सकेगा। निर्धारित सूची में शामिल मार्गों के स्थान पर किसी दूसरे मार्ग पर यह धनराशि खर्च नहीं की जा सकेगी।

मार्ग स्वीकृति धनराशि आवंटित धनराशि
आंझी संपर्क मार्ग 10.830 लाख रुपये 3.790 लाख रुपये
दलेलनगर-बुधनपुर लिंक रोड 34.720 लाख रुपये 12.150 लाख रुपये
सिकंदरपुर-खरगपुर संपर्क मार्ग 28.690 लाख रुपये 10.040 लाख रुपये
मझिला थाना-मझिला गांव मार्ग 17.050 लाख रुपये 5.970 लाख रुपये
आंझी आलमनगर मार्ग से पतियादेव मार्ग 29.500 लाख रुपये 10.330 लाख रुपये
राजपुर गुलरिया-बहिगवां लिंक रोड 30.020 लाख रुपये 10.510 लाख रुपये

यह भी पढ़ें- हरदोई: पाउडर, डिटर्जेंट और केमिकल्स से बन रहा था नकली दूध, लखनऊ-कानपुर तक फैले तार