धान से बाजार गुलजार, केंद्रों पर सन्नाटा बरकरार
श्चड्डस्त्रस्त्र4 श्चह्वह्मष्द्धड्डह्यद्बठ्ठद्द श्चड्डस्त्रस्त्र4 श्चह्वह्मष्द्धड्डह्यद्बठ्ठद्द
हरदोई : सरकारी धान क्रय केंद्रों पर सन्नाटा टूटने का नाम नहीं ले रहा है। बाजार धान से गुलजार हो रहे हैं। हरदोई, शाहाबाद और माधौगंज मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ रही है। जबकि संडीला व सांडी मंडी में धान की आवक शुरू नहीं हो सकी है। खास बात यह है कि केंद्र प्रभारियों की मनमानी के चलते किसानों ने केंद्रों से दूरी बना रखी है। अधिकारियों का कहना है कि किसान धान सुखाकर नहीं ला रहे हैं, जिससे खरीद प्रभावित हो रही है।
जिला प्रशासन ने धान खरीद को लेकर 60 क्रय केंद्र खोले हैं, लेकिन सिर्फ एक क्रय केंद्र पर धान खरीद की शुरुआत हो सकी है। अन्य केंद्रों पर उपकरणों की धूल तक नहीं हटी है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय ने बताया कि बाजार में धान की आवक शुरू हो गई है। मंगलवार को विभिन्न मंडियों से मिले आंकड़ों में हरदोई, शाहाबाद व माधौगंज मंडी में 15,110 क्विंटल धान की आवक हुई। जबकि संडीला व सांडी मंडी में धान की आवक नहीं हुई। उन्होंने बताया कि नमी अधिक होने के चलते धान की खरीद प्रभावित हो रही है। समस्त केंद्र प्रभारियों को किसानों से संपर्क करने को निर्देशित किया गया है। डिप्टी आरएमओ ने किसानों से धान सुखाकर केंद्र पर बिक्री हेतु लाने की अपील की है। केंद्र पर आने वाले लघु सीमांत व महिला किसानों का धान प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाएगा।