हरदोई में अपने ही पैसे मांगने पर सरेबाजार पीट-पीटकर मार डाला, उधार के पांच हजार रुपये का मामला
Hardoi Crime News: मोतीलाल के भतीजे शानू ने सरहेंजू के रामवीर पर पिटाई का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर ...और पढ़ें

मृतक के भतीजे का बयान लेती पुलिस
HighLights
अब्दुल्ला नगर के होली चौराहे पर हुई घटना, हत्या का आरोपित फरार
भतीजे ने पिटाई का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी
जागरण संवाददाता, हरदोई। अपने ही रुपयेमांगने पर एक व्यक्ति को मौत का मुंह देखना पड़ा। उधार के महज पांच हजार रुपये वापस मांगने पर शनिवार को अब्दुल्ला नगर के होली चौराहे पर निजी सफाईकर्मी मोतीलाल की सरेबाजार पिटाई कर दी गई।
इसके बाद गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मोतीलाल के भतीजे शानू ने सरहेंजू के रामवीर पर पिटाई का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इस घटना के बाद रामवीर मौके से फरार हो गया।
शानू ने तहरीर में बताया कि रामवीर ने करीब एक सप्ताह पहले उनके चाचा मोतीलाल से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। शनिवार को होली चौराहे पर मोतीलाल ने उससे रुपये लौटाने को कहा। आरोप है कि नशे में धुत रामवीर ने इसी बात पर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। उस समय चौराहे पर बाजार लगा था और वहां काफी भीड़ थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मोतीलाल निजी तौर पर सफाई का काम करते थे और अस्थायी रूप से पंचायत घर में रहते थे। उनके माता-पिता का काफी पहले निधन हो चुका था। उनकी कोई संतान नहीं थी। कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।