हरदोई में प्रेमिका से शादी की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस के समझाने के बाद उतरा नीचे
मल्लावां में एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद में 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस ...और पढ़ें
-1792322305602_m.webp)
HighLights
युवक प्रेमिका से शादी की जिद में टावर पर चढ़ा।
करीब 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर दो घंटे रहा।
पुलिस ने मोबाइल पर समझाकर युवक को नीचे उतारा।
संवादसूत्र, मल्लावां। प्रेमिका से शादी की जिद में रविवार सुबह एक युवक करीब 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊंचाई पर युवक को देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। लोग युवक को नीचे उतरने के लिए कहते रहे, लेकिन वह प्रेमिका से शादी कराने की मांग पर अड़ा रहा। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने मोबाइल पर बात कर युवक को समझाया, तब वह नीचे उतरा।
मल्लावां कस्बे के बंदीपुर मोहल्ला निवासी अजय राठौर पुत्र रामकुमार रविवार सुबह करीब सात बजे सुभाष पार्क स्थित बंद पड़े मोबाइल टावर पर चढ़ गया। कुछ ही देर में वह काफी ऊंचाई पर पहुंच गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोग घबरा गए। उन्होंने उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह नहीं माना। जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
बताया गया कि युवक अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था और इसी जिद में टावर पर चढ़ा था। सूचना पर कोतवाल मनोज सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने युवक से मोबाइल पर बातचीत कर उसे समझाया। काफी प्रयास के बाद युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। पुलिस उसे कोतवाली ले गई, जहां स्वजन के अनुरोध पर समझाकर छोड़ दिया गया। इससे पहले 18 जुलाई को भगवंत नगर में भी एक युवक पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गया था।
