हरदोई में सराफा कारोबारी से बदमाशों ने लूटी 5 किलो चांदी, आंखों में मिर्ची पाउडर फेंककर भागे
शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे एक सराफा कारोबारी से निर्माणाधीन लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार सवार बदमाशों ने पांच किलो चांदी लूट ली।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस के अधिकारी
HighLights
सराफा कारोबारी से लखनऊ-पलिया हाईवे पर पांच किलो चांदी लूटी गई।
बदमाशों ने कारोबारी से मारपीट कर आंखों में मिर्च पाउडर फेंका।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू की।
जागरण संवाददाता, हरदोई। शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे एक सराफा कारोबारी से कार सवार बदमाशों ने पांच किलो चांदी लूट ली। कारोबारी के साथ मारपीट कर उसकी आंखों पर मिर्च पाउडर फेंककर बदमाश फरार हो गए।
निर्माणाधीन लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई लूट से सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिले में वाहनों की चेकिंग कर आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया, पर बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उनकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई हैं।
लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित अहमदगंज प्रेम विहार कॉलोनी निवासी हृदयराम सोनी सराफा के थोक कारोबारी हैं। बताते हैं कि वह आसपास के जिलों में चांदी के आभूषण आदि आपूर्ति करते हैं। उसी के सिलसिले में रविवार की रात वह कार से शाहजहांपुर से लौट रहे थे।
कार चालक करन कश्यप चला रहा था। हृदयराम सोनी के अनुसार निर्माणाधीन लखनऊ पलिया राष्ट्रीय मार्ग पर शाहजहांपुर कोतवाली क्षेत्र में बजरी प्लाट के पास पहुंचे ही थे, कि उनके पीछे से आई सफेद रंग की बिना नंबर वाली स्विफ्ट डिजायर ने उनकी कार को तेज रफ्तार में ओवरटेक कर टक्कर मारने की कोशिश की। इससे बचने के दौरान उनकी कार सड़क किनारे पड़ी बजरी पर चढ़कर रुक गई।
मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारी
हृदयराम सोनी ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर से चार व्यक्ति उतरे और मारपीट करने लगे। उन लोगों ने कार का शीशा तोड़कर पीछे रखा करीब पांच किलो चांदी का बैग निकाल लिया। विरोध करने पर मारपीट की और भागते समय मिर्च पाउडर भी फेंक दिया।
मारपीट में कारोबारी के सिर में चोट भी आई। पीछे से निकले राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस के साथ सीओ संतोष सिंह और एएसपी अखिलेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। एसपी ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर बदमाशों की तलाश में टीम लगाई गई हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें- हरदोई में पंक्चर मिस्त्री का सिर कुचला मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
