विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब घर बैठे मिलेगा देश के बड़े मंदिरों का प्रसाद, डाक विभाग ने शुरू की 'Holy Blessings' सेवा

Published: Fri, 06 Nov 2026 03:44 PM (IST)

भारतीय डाक विभाग ने 'होली ब्लेसिंग्स' सेवा शुरू की है, जिससे श्रद्धालु घर बैठे काशी विश्वनाथ, तिरुपति बालाजी सहित प्रमुख मंदिरों का प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. डाक विभाग की 'होली ब्लेसिंग्स' सेवा से घर बैठे प्रसाद।

  2. काशी विश्वनाथ, तिरुपति बालाजी सहित प्रमुख मंदिरों का प्रसाद उपलब्ध।

  3. बुजुर्गों और असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधा अत्यंत उपयोगी।

जागरण संवाददाता, हरदोई। आस्था के लिए अब लंबी यात्रा जरूरी नहीं। उम्र, बीमारी या अन्य कारणों से मंदिरों तक नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालु भी घर बैठे अपने आराध्य का प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे। भारतीय डाक विभाग की ''होली ब्लेसिंग्स'' सेवा से यह सुविधा मिल रही है।

काशी विश्वनाथ से लेकर तिरुपति बालाजी समेत देश के विभिन्न प्रमुख मंदिरों का प्रसाद श्रद्धालुओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है। यह सेवा पहले से संचालित है, लेकिन अब विभिन्न राज्यों के मंदिरों की जानकारी एक ही वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

श्रद्धालु अपनी पसंद के मंदिर का चयन कर निर्धारित प्रक्रिया से प्रसाद मंगा सकते हैं। हरदोई के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। विशेष रूप से बुजुर्गों और शारीरिक रूप से असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है।

डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर 'होली ब्लेसिंग्स' के अंतर्गत उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, झारखंड और पश्चिम बंगाल के मंदिरों की जानकारी उपलब्ध है।

आंध्र प्रदेश के तिरुमला तिरुपति देवस्थानम का 170 ग्राम लड्डू प्रसाद भी स्पीड पोस्ट से मंगाया जा सकता है। वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के प्रसाद पैकेट में रुद्राक्ष माला, शिव चालीसा, रक्षा सूत्र, मिश्री, सूखे मेवे, महामृत्युंजय यंत्र, मंदिर का सिक्का, चांदी की परत चढ़ा बेलपत्र और मंदिर की तस्वीर शामिल है।

उपलब्ध विवरण के अनुसार, श्रद्धालु 251 रुपये का ई-मनीआर्डर सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पोस्ट ऑफिसेज, वाराणसी ईस्ट डिवीजन के नाम भेज सकते हैं। वाराणसी सिटी डाकघर से 201 रुपये में भी प्रसाद पैकेट उपलब्ध है।

डाक अधीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि वेबसाइट पर मंदिरों और प्रसाद की जानकारी एक जगह उपलब्ध है। संबंधित मंदिर की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बुकिंग और भुगतान करना होगा।

इसके बाद मंदिर की ओर से प्रसाद तैयार कराया जाएगा और डाक विभाग स्पीड पोस्ट से घर पहुंचाएगा। स्थानीय लोगों ने इस सुविधा को बुजुर्गों और यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी बताया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।