विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में 38 करोड़ की लागत से बनेगी 12KM की टू-लेन सड़क, 50 गांवों की 1 लाख आबादी को मिलेगी राहत

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:33 PM (IST)

हरदोई में पलिया तिराहे से बड़ागांव तक 12 किलोमीटर लंबी सड़क को 38.41 करोड़ रुपये की लागत से टू-लेन बनाया जाएगा। 

इस सड़क को टू-लेन बनाया जाएगा। (तस्वीर- जागरण)

इस सड़क को टू-लेन बनाया जाएगा। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. पलिया तिराहे से बड़ागांव तक 12 किमी सड़क टू-लेन होगी।

  2. परियोजना पर 38.41 करोड़ रुपये की लागत आएगी, शासन ने मंजूरी दी।

  3. 50 से अधिक गांवों की एक लाख आबादी को लाभ मिलेगा।

जागरण संवाददाता, हरदोई। अर्जुनपुर-बड़ागांव पुल बनने के बाद क्षेत्र में बढ़े यातायात को देखते हुए पलिया तिराहे से बड़ागांव तक करीब 12 किलोमीटर लंबी सड़क को टू-लेन बनाया जाएगा।

शासन ने 38 करोड़ 41 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए पहली किस्त के रूप में 3 करोड़ 84 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

सड़क चौड़ी होने से 50 से अधिक गांवों की करीब एक लाख आबादी को आवागमन में राहत मिलेगी। सांडी से फर्रुखाबाद आने-जाने वालों के लिए भी रास्ता सुगम होगा।

सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’ के प्रयासों से अन्य जिला मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की परियोजना को स्वीकृति मिली है। विधायक प्रतिनिधि डॉ. रजनीश त्रिपाठी ने बताया कि शासन ने परियोजना का स्वीकृति पत्र जारी कर दिया है।

सड़क की कम चौड़ाई और जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों को परेशानी होती है। पुल बनने के बाद मार्ग पर वाहनों का दबाव भी बढ़ा है। टू-लेन सड़क बनने से सफर अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।

इस परियोजना से हरपालपुर, ककरा, बरनई, इकनौरा, पलिया, कठेठा, मलौथा, सतौथा, रोशनपुर, करकचमऊ, ईशेपुर, भुसेरा, लट्ठपुरा, खसौरा, खरगपुर, सिरसा, बर्रा, ऊंचागांव, धर्मपुर, चाऊंपुर, बेहटा और बड़ागांव समेत 50 से अधिक गांवों के लोगों को लाभ होगा।

ब्लॉक मुख्यालय हरपालपुर, तहसील मुख्यालय सवायजपुर और फर्रुखाबाद पहुंचना आसान होगा। किसानों को कृषि उपज मंडियों तक पहुंचने में सहूलियत होगी, जबकि व्यापारियों के कारोबार को गति मिलेगी। विद्यार्थियों के लिए शिक्षण संस्थानों तक पहुंचना आसान होगा और मरीजों को अस्पताल ले जाने में लगने वाला समय घट सकता है। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।