विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में गैस लीकेज घटना के बाद बीईओ के फोन से घबराईं बीमार शिक्षिका, अस्पताल में भर्ती; शिक्षकों में आक्रोश

Published: Mon, 21 Sep 2026 11:05 PM (IST)

हरदोई के प्राथमिक विद्यालय टिमरुख में गैस लीकेज के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापिका शाहीन बानो की तबीयत बिगड़ी, आरोप है कि ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. हरदोई में गैस लीकेज के बाद शिक्षिका शाहीन बानो की तबीयत बिगड़ी।

  2. बीईओ पर फोन पर धमकाने का आरोप, ब्रेन हेमरेज हुआ।

  3. बीएसए ने बीईओ को नोटिस जारी कर जांच के आदेश दिए।

जागरण संवाददाता, हरदोई। प्राथमिक विद्यालय टिमरुख में सोमवार को गैस सिलिंडर लीकेज से लगी आग के मामले के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापिका की तबीयत बिगड़ गई। वैसे उनकी पहले से ही डायलिसिस चल रही थी लेकिन आरोप है कि प्रधानाध्यापिका शाहीन बानो को खंड शिक्षा अधिकारी संडीला डाक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने फोन कर धमकाया, जिसके बाद उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो और आरोपों के बाद बीएसए प्रभात मिश्र ने बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच दो खंड शिक्षा अधिकारियों से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी प्रधानाध्यापिका शाहीन बानो वर्तमान में सीसीएल अवकाश पर चल रही थीं और विद्यालय का चार्ज सहायक अध्यापिका प्रतिमा के पास था।

शाहीन बानो की पुत्री शाइमा व उनके स्वजन के अनुसार विद्यालय में गैस लीकेज से लगी आग और रसोइया द्वारा एसडीएम से की गई शिकायत के बीईओ ने शाहीन को फोन कर बीआरसी कार्यालय आने के लिए कहा। आरोप है कि बीईओ ने धमकी भी दी, फोन पर बातचीत के बाद शाहीन घबरा गईं और अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां ब्रेन हेमरेज की बात सामने आने का दावा किया गया है।

शाहीन की पुत्री शाइमा ने बताया कि बीईओ का उनकी मां के मोबाइल पर फोन आया था। इसके बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ी। परिजनों का यह भी कहना है कि शाहीन पिछले पांच वर्षों से डायलिसिस करा रही थीं। शिक्षकों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए आक्रोश जताया है। वहीं, बीईओ डाक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने आरोपों से इन्कार किया है। उनका कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने स्थिति की जानकारी ली थी।

उन्होंने किसी तरह की धमकी देने या दबाव बनाने से इन्कार किया। बीएसए प्रभात मिश्र ने बताया कि बीईओ को कारण बताओ पत्र जारी किया गया है। मामले की जांच दो खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर ने पकड़ी रफ्तार, कंपनियों को प्लॉट आवंटन शुरू