विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर ने पकड़ी रफ्तार, कंपनियों को प्लॉट आवंटन शुरू

Published: Sun, 20 Sep 2026 11:51 AM (IST)

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे हरदोई के सवायजपुर में औद्योगिक कॉरिडोर में फैक्ट्रियों की स्थापना शुरू हो गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. गंगा एक्सप्रेसवे औद्योगिक कॉरिडोर में फैक्ट्रियां स्थापित होना शुरू हो गईं।

  2. हरदोई के सवायजपुर में 327 एकड़ में कॉरिडोर विकसित।

  3. माउंट एवरेस्ट 500 करोड़ निवेश से डिस्टलरी लगाएगी, 1000 रोजगार।

जागरण संवाददाता, हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहा औद्योगिक कॉरिडोर अब सिर्फ योजना नहीं रहा, बल्कि यहां फैक्ट्रियां आने लगी हैं। सवायजपुर तहसील के रूपापुर में करीब 327 एकड़ में विकसित हो रहे कॉरिडोर में कंपनियों को प्लाट आवंटन शुरू हो गया है।

निवेशकों को जमीन मिलने के साथ ही औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की प्रक्रिया भी आगे बढ़ने लगी है। इससे हरदोई में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद बढ़ी है।

औद्योगिक क्षेत्र में करीब 2700 वर्गमीटर से प्लाट उपलब्ध हैं। कंपनियां यहां इकाइयां स्थापित करने में रुचि दिखा रही हैं। माउंट एब्रेस्ट ने करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश से डिस्टलरी स्थापित करने के लिए जमीन ली है। इकाई शुरू होने पर स्थानीय स्तर पर करीब एक हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

अन्य कंपनियां भी यहां निवेश के लिए आगे आ रही हैं। कारिडोर के लिए गंगा एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी बड़ा आधार बन रही है। एक्सप्रेसवे से कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई आसान होने के साथ ही बड़े बाजारों तक पहुंच भी सुगम होने की संभावना है। इससे कंपनियों के लिए उत्पादन और परिवहन की लागत को बेहतर ढंग से संभालने का अवसर मिलेगा।

प्लाट आवंटन शुरू होने के बाद औद्योगिक कॉरिडोर में गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। फैक्ट्रियां स्थापित होने पर सवायजपुर और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के साथ परिवहन, कारोबार, निर्माण और सेवा क्षेत्र से जुड़े अवसर भी बढ़ सकते हैं। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे उद्योगों की दस्तक हरदोई के लिए औद्योगिक विकास की दिशा में अहम बदलाव के रूप में देखी जा रही है।

यह भी पढ़ें- हरदोई में साढ़े 10 लाख की कोल्डड्रिंक लदा ट्रक गायब, मालिक और ड्राइवर पर FIR दर्ज