विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदहाल सड़कों से मिलेगी निजात, हरदोई में नौ करोड़ की लागत से सुधरेंगी गांवों की 53 सड़कें 

Published: Fri, 27 Nov 2026 12:05 PM (GMT+05:30)

हरदोई जिले में बदहाल सड़कों और क्षतिग्रस्त पुलियों से ग्रामीणों को जल्द राहत मिलेगी। नौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 53 विशेष मरम्मत कार्यों के तहत 18.97 किलोमीटर ग्रामीण संपर्क मार्गों और पुलियों को सुधारा जाएगा।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. हरदोई में नौ करोड़ से अधिक की लागत से कार्य।

  2. 53 ग्रामीण सड़कों और पुलियों की मरम्मत होगी।

  3. 18.97 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्गों का सुधार किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, हरदोई। बदहाल सड़कों और क्षतिग्रस्त पुलियों के कारण आवागमन में परेशानी उठा रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। जिले के बालामऊ, सांडी और बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्रों में नौ करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से सड़कों और पुलियों की दशा सुधारी जाएगी। शासन ने लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-द्वितीय के 53 विशेष मरम्मत कार्यों को स्वीकृति देते हुए पहली किस्त भी जारी कर दी है। इनमें 18.97 किलोमीटर लंबे ग्रामीण संपर्क मार्गों की मरम्मत के साथ ही क्षतिग्रस्त पुलियों को दुरुस्त करने और नई पुलियों के निर्माण के कार्य शामिल हैं।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत इन कार्यों पर नौ करोड़ 12 लाख 94 हजार रुपये खर्च होंगे। शासन ने इसके सापेक्ष तीन करोड़ 19 लाख 52 हजार रुपये जारी कर दिए हैं। ग्रामीण संपर्क मार्गों की दशा सुधरने से किसानों, विद्यार्थियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। बालामऊ विधानसभा क्षेत्र में एसकेबी मार्ग से पथरौल संपर्क मार्ग की 2.30 किलोमीटर लंबाई की मरम्मत पर 39.94 लाख रुपये खर्च होंगे।

कछौना-हथौरा मार्ग से हथौरा संपर्क मार्ग के लिए 38.56 लाख, पलिया-लखनऊ मार्ग से बघौड़ा वाया सुन्नी संपर्क मार्ग के लिए 34.74 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। बहलोलपुर-सरौला संपर्क मार्ग पर 29.97 लाख और महमूदपुर संपर्क मार्ग पर 29.27 लाख रुपये खर्च होंगे। सांडी विधानसभा क्षेत्र में सांडी-बघौली मार्ग से मुहरकला-ओदरा-पचलाई मार्ग के लिए 39.74 लाख और बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र में देवमनपुर संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए 39.01 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

96 लाख रुपये से अधिक की लागत से बनेंगी चार पुलियां

एसकेबी मार्ग से अलादादपुर नेवादा संपर्क मार्ग पर 34.43 लाख और सीएनएन मार्ग से कोलो संपर्क मार्ग पर 32.11 लाख रुपये से आरसीसी बाक्स पुलिया का निर्माण होगा। अजमतनगर-टटिया संपर्क मार्ग पर 30.20 लाख रुपये से दो पुलियां बनाई जाएंगी। प्रतापनगर-माधौगंज मार्ग पर बरसाती नाले और बरहस माइनर की क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत भी कराई जाएगी। चौपटा संपर्क मार्ग पर भी नई पुलिया बनेगी।

शासन से स्वीकृति और धनराशि मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग तकनीकी और वित्तीय औपचारिकताएं पूरी करेगा। टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से ठेकेदारों का चयन कर कार्यादेश जारी किए जाएंगे। विभागीय अभियंताओं की निगरानी में निर्माण और मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।

विशेष मरम्मत के 53 कार्यों को शासन से स्वीकृति मिली है। 18.97 किलोमीटर लंबाई के ग्रामीण संपर्क मार्गों की विशेष मरम्मत के साथ क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत और नई आरसीसी बॉक्स पुलियों का निर्माण शामिल है। शासनादेश जारी हो चुके हैं। विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया पूरी कराकर इन कार्यों को कराया जाएगा।- संतोष दीक्षित, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-द्वितीय

यह भी पढ़ें- ध्यान दीजिए! यह कोई आम रास्ता नहीं.. बल्कि 75 करोड़ रुपये की लागत से बनी हरदोई की सड़क है?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।