विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई की 88 जर्जर सड़कों की बदलेगी सूरत, शासन से मिली मरम्मत की मंजूरी; आवागमन में मिलेगी राहत

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:20 PM (IST)

हरदोई में 88 जर्जर सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण को मंजूरी मिल गई है, जिससे ग्रामीणों, किसानों और छात्रों को आवागमन में राहत मिलेगी।  

फोटो स्रोत- इंटरनेट

फोटो स्रोत- इंटरनेट

HighLights

  1. हरदोई में 88 जर्जर सड़कों की मरम्मत को मंजूरी मिली।

  2. 86 क्षतिग्रस्त सड़कों की विशेष मरम्मत होगी, 2 का नवीनीकरण।

  3. ग्रामीणों, किसानों, छात्रों को आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत।

जागरण संवाददाता, हरदोई। जर्जर सड़कों से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर कस्बों तक की 88 सड़कों की सूरत बदलने का रास्ता साफ हो गया है। इनमें 86 क्षतिग्रस्त सड़कों की विशेष मरम्मत को शासन ने मंजूरी दी है, जबकि उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के प्रयासों से दो ग्रामीण मार्गों के नवीनीकरण के लिए राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

खास बात यह है कि विशेष मरम्मत के लिए चयनित सड़कों को सामान्य नवीनीकरण की निर्धारित अवधि पूरी होने का इंतजार नहीं करना होगा। इनकी खराब स्थिति को देखते हुए पहले ही मरम्मत कराई जाएगी। इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और अन्य राहगीरों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

जिले में कई संपर्क मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं। कहीं डामर की परत उखड़ चुकी है तो कहीं गहरे गड्ढे आवागमन में बाधा बने हुए हैं। बरसात के दौरान इन मार्गों की स्थिति और खराब हो जाती है। इसे देखते हुए विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों को चिह्नित कर विशेष मरम्मत के प्रस्ताव शासन को भेजे थे। प्रस्तावों की समीक्षा के बाद 86 सड़कों को विशेष मरम्मत योजना के अंतर्गत स्वीकृति दी गई है।

संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के प्रयासों से राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने उधरनपुर-हर्रई मार्ग से घुरहा तक और पिहानी-शाहाबाद मार्ग से औडेरी पुलिया तक सड़क के नवीनीकरण के लिए वित्तीय स्वीकृति दी है। इन मार्गों के दुरुस्त होने से आसपास के गांवों के किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी।

विद्यार्थियों और मरीजों को भी आवागमन में राहत मिलेगी। मंत्री रजनी तिवारी ने वित्तीय स्वीकृति मिलने पर कृषि मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के प्रति आभार जताया। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष मरम्मत और नवीनीकरण के इन कार्यों से जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। हालांकि, अब लोगों की नजर स्वीकृत कार्यों के शुरू होने और समय से पूरा होने पर रहेगी।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।