हरदोई में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने रामलीला का किया मंचन, श्रीराम के आदर्शों पर दिया जोर
हरदोई के सिकंदरपुर कल्लू में श्री रामलीला के दौरान रावण वध का मंचन किया गया, जिससे पूरा पंडाल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी
HighLights
हरदोई के सिकंदरपुर कल्लू में रावण वध का मंचन हुआ।
मंत्री रजनी तिवारी ने श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
सत्य और धर्म की विजय पर दिया गया विशेष जोर।
संवाद सूत्र, हरदोई। सिकंदरपुर कल्लू में चल रही श्री रामलीला में रविवार की रात रावण वध की लीला का मंचन किया गया। रावण का वध होते ही पूरा पंडाल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने भगवान श्रीराम के पावन चरित्र का मंचन देखा और श्रद्धालुओं से उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सत्य, त्याग, धैर्य, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा की अमर गाथा है, जो युगों-युगों से मानवता को सही मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी सिद्धांतों से विमुख हुए बिना सत्य के पथ पर अडिग रहना ही वास्तविक विजय है।
रावण पर श्रीराम की यह जीत हमें यह सिखाती है कि बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत सत्य और धर्म की ही होती है। इस दौरान कमेटी के संरक्षक बनवारीलाल राजपूत, अध्यक्ष विजय शुक्ला, अनिल पांडे पिंटू, आयुष मोहन शुक्ला, सुभाष सिंह, विमल पांडे सभासद, यदुवीर राजपूत और डा. कमलेश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
