यूपी के हरदोई में सफेद दूध के काले कारोबार का भंडाफोड़, 38 हजार लीटर नकली दूध बरामद
हरदोई के संडीला औद्योगिक क्षेत्र में एक डेयरी पर छापा मारकर 38 हजार लीटर संदिग्ध दूध, पाउडर और केमिकल बरामद किया गया।

HighLights
संडीला डेयरी पर 38 हजार लीटर संदिग्ध दूध मिला।
भारी मात्रा में पाउडर और केमिकल भी बरामद हुए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के लिए नमूने भेजे।
जागरण संवाददाता, हरदोई। दूध के नाम पर सेहत से खिलवाड़ के संदेह में मंगलवार रात प्रशासन ने संडीला औद्योगिक क्षेत्र की एक डेयरी पर छापा मारा। फेज एक स्थित संडीला दूध डेयरी उद्योग के परिसर में दो टैंकरों में भरा 38 हजार लीटर संदिग्ध दूध पकड़ा गया।
मौके से भारी मात्रा में पाउडर की बोरियां और केमिकल भी बरामद हुए। यहां लंबे समय से सिंथेटिक दूध तैयार कर बड़े पैमाने पर कारोबार किया जा रहा था। यहां से दूध लखनऊ, कानपुर समेत आसपास के जिलों के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक भेजे जाने की बात सामने आई है।
हालांकि, दूध सिंथेटिक है या नहीं और बरामद पदार्थों का इस्तेमाल किस कार्य में हो रहा था, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सात नमूने प्रयोगशाला भेजकर दूध और संदिग्ध पदार्थों को सील कर दिया है।
मंगलवार रात उपजिलाधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया, सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक गौतम और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने डेयरी परिसर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान संडीला निवासी डेयरी संचालक प्रदीप गुप्ता मौजूद रहे। परिसर में दो टैंकरों में दूध भरा मिला।
साथ ही पाउडर की बोरियां और केमिकल मिलने पर टीम ने जांच शुरू की। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दूध समेत संदिग्ध पदार्थों के सात नमूने लिए। सूत्रों के अनुसार, डेयरी में काफी समय से बड़े पैमाने पर दूध तैयार किया जा रहा था।
यहां से दूध की आपूर्ति लखनऊ, कानपुर के अलावा मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद तक होने की चर्चा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नकली पनीर और क्रीम तैयार कर दिल्ली समेत महानगरों तक खपाने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
ऐसे में डेयरी के कारोबारी संपर्कों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। संडीला औद्योगिक क्षेत्र में दूध में मिलावट का मामला नया नहीं है। फरवरी 2018 में अभिषेक डेयरी से 27 हजार लीटर मिलावटी दूध और सात हानिकारक केमिकल बरामद होने की बात सामने आई थी।
मार्च 2018 में करीब 50 लाख रुपये का मिलावटी पाउडर पकड़ा गया था। नमूनों की जांच रिपोर्ट मानकों के विपरीत मिलने पर अप्रैल में डेयरी संचालक नवीन मिश्रा और उसके भाई योगेश मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब फिर इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध दूध और पाउडर मिलने से औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा की निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
