हरदोई में डिटर्जेंट-केमिकल से बन रहा था नकली दूध, दो टैंकर जब्त; लखनऊ से कानपुर तक फैले नेटवर्क की जांच शुरू
हरदोई के औद्योगिक क्षेत्र स्थित पूनम दूध डेयरी पर प्रशासन और पुलिस ने छापा मारकर दो टैंकर नकली सिंथेटिक दूध ...और पढ़ें
-1791918850028_m.webp)
HighLights
हरदोई की पूनम डेयरी पर नकली दूध का छापा।
दो टैंकर सिंथेटिक दूध, रसायन, डिटर्जेंट जब्त।
लखनऊ-कानपुर समेत कई जिलों में सप्लाई की तैयारी।
संवादसूत्र, जागरण, हरदोई। सफेद दूध की आड़ में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र स्थित पूनम दूध डेयरी में मंगलवार रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर दो टैंकर कथित सिंथेटिक दूध पकड़ा।
डेयरी में दूध पाउडर की बोरियों के साथ भारी मात्रा में रसायन, डिटर्जेंट और यूरिया समेत अन्य सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में दूध पाउडर में रसायन मिलाकर नकली दूध तैयार करने की बात सामने आई है। इस दूध को लखनऊ, कानपुर समेत आसपास के जिलों में भेजे जाने की तैयारी थी। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
औद्योगिक क्षेत्र के फेज-एक में स्थित पूनम दूध डेयरी के संचालक प्रदीप कुमार बताए गए हैं। एसडीएम का कार्यभार देख रहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया और प्रशिक्षु आईपीएस सीओ श्लोक गौतम को सूचना मिली कि डेयरी से दो टैंकर नकली दूध लखनऊ भेजे जाने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों ने खाद्य विभाग की टीम और भारी पुलिस बल के साथ रात में छापा मारा।
-1791918810521.webp)
अधिकारियों के पहुंचते ही डेयरी में खलबली मच गई। टीम ने मौके पर तैयार दूध से भरे दोनों टैंकर अपने कब्जे में ले लिए। जांच के दौरान डेयरी परिसर से करीब दो ट्रक दूध पाउडर की बोरियां और बड़ी मात्रा में रसायन, डिटर्जेंट व यूरिया समेत अन्य सामग्री मिली। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में दूध पाउडर में रसायन और अन्य पदार्थ मिलाकर नकली दूध तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। बरामद सामग्री और दूध के नमूनों की जांच खाद्य विभाग की टीम कर रही है।
-1791918835440.webp)
जांच रिपोर्ट से दूध की वास्तविक प्रकृति और उसमें मिलाए गए पदार्थों की पुष्टि होगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डेयरी में तैयार दूध की आपूर्ति लखनऊ, कानपुर और आसपास के जिलों में की जाती थी। अधिकारियों को आशंका है कि इस कारोबार का नेटवर्क दूसरे क्षेत्रों तक फैला हो सकता है।
यह भी पढ़ें- आयुष्मान भारत में फर्जीवाड़ा: लखनऊ और गोंडा के 21 निजी अस्पतालों पर 'साचीज' का शिकंजा, नोटिस जारी
कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
