हरदोई पुलिस ने 40 लाख के 220 खोए मोबाइल लौटाए, लोगों को मिली बड़ी राहत; चेहरों पर लौटी मुस्कान
हरदोई पुलिस ने सर्विलांस सेल और सीईआईआर पोर्टल की मदद से 40 लाख रुपये के 220 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

HighLights
पुलिस ने 220 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए।
बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये है।
सर्विलांस सेल और सीईआईआर पोर्टल की मदद से यह सफलता मिली।
जागरण संवाददाता, हरदोई। एसपी कार्यालय परिसर में मंगलवार का दिन 220 लोगों के चेहरों पर एक ऐसी मुस्कान लेकर आया, जिसकी उम्मीद वे लगभग छोड़ चुके थे। जब एक-एक करके लोगों के नाम पुकारे गए और उनके खोए हुए स्मार्टफोन उनके हाथों में सौंपे गए, तो वहां का माहौल खुशी और पुलिस के प्रति कृतज्ञता से भर गया। पुलिस की इस बेहतरीन पहल ने साबित कर दिया कि तकनीक और तत्परता से आम जन का भरोसा जीता जा सकता है।
एसपी अशोक कुमार मीणा के निर्देशों पर सर्विलांस सेल और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत पुलिस को यह बड़ी कामयाबी मिली है। पिछले तीन महीनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गायब हुए लगभग 40 लाख रुपये की कीमत के 220 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रैक कर बरामद किए गए।
मंगलवार को एसपी कार्यालय में एएसपी (पूर्वी) सुबोध गौतम ने सभी 220 वास्तविक स्वामियों को उनके मोबाइल फोन सुपुर्द किए। अपना कीमती और जरूरी डेटा वाला फोन सुरक्षित वापस पाकर आवेदकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।
अपना फोन वापस पाने वाले रमेश चंद्र ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, मैंने तो सोच लिया था कि अब फोन कभी नहीं मिलेगा, लेकिन पुलिस के एक फोन कॉल ने मेरी उम्मीद जगा दी। आज मेरा महंगा फोन मेरे हाथ में है, यह किसी चमत्कार से कम नहीं शिखा सिंह ने चहकते हुए बताया, मेरे फोन में मेरी पढ़ाई और परिवार की ढेर सारी पुरानी यादें (तस्वीरें) थीं।
इसके खोने से मैं बहुत परेशान थी, लेकिन आज इसे वापस पाकर जो खुशी हो रही है, उसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती। हरदोई पुलिस का बहुत-बहुत धन्यवाद।
