Hardoi News: मार्गों पर काल बनकर दौड़ रहे 50,158 अनफिट वाहन, अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा विभाग
परिवहन विभाग के आंकड़ों में 705 स्कूली वाहन पंजीकृत है। पिछले दिनों विभागीय टीम ने 685 स्कूली वाहनों की जांच की जिसमें 455 स्कूल वाहन फिट पाए गए है। जबकि 230 वाहन अनफिट मिले थे जिन्हें विभाग ने नोटिस जारी की है।
हरदोई, जागरण संवाददाता। बढ़ते हादसों का सबसे बड़ा कारण वाहनों की खामियां मानी जा रही हैं। अब जिम्मेदारों की अनदेखी कहें या फिर जागरूकता का अभाव कि फिटनेस तक नहीं देखी जा रही है। विभिन्न मार्गों पर 50,158 अनफिट वाहन काल बनकर फर्राटा भर रहे हैं। अभियान चलाने के बावजूद परिवहन विभाग इन वाहनों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है।
जनपद में 3,50,228 वाहन हैं, जिसमें दोपहिया, चार पहिया व अन्य वाहन शामिल हैं। परिवहन विभाग के आंकड़ों में 50,158 अनफिट वाहन शामिल हैं, जो शहर से लेकर ग्रामीण मार्गों पर फर्राटा भर रहे हैं। इन वाहनों से दुर्घटना होने की संभावना अधिक होती है, इसके बावजूद वाहन चालक खुद के साथ यात्रियों की जान खतरे में डालते हैं। परिवहन विभाग अनफिट वाहनों पर शिकंजा कसने को लेकर अभियान चला रहा है। इसके बावजूद इन वाहनों पर अंकुश लगता नहीं दिख रहा है।
कार व बड़े वाहनों का हर वर्ष होता फिटनेस
कार और बड़े वाहनों का सात वर्ष तक हर दो साल में फिटनेस कराना अनिवार्य है, जबकि आठवें वर्ष से इन वाहनों का हर वर्ष फिटनेस कराना जरूरी होता है। 15 वर्ष पुराने वाहनों का रजिस्ट्रेशन समाप्त हो जाता है, जिसे दोबारा कराना जरूरी होता है।
वाहनों के फिटनेस में 32 मानकों की होती जांच
संभागीय निरीक्षक सुशील यादव ने बताया कि टायर की स्थिति, बंफर, एयरबैग, ब्रेक लाइट, गेयर, रंगरोगन, रेट्रो रिफ्लेक्टर टेप, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र आदि 32 मानकों पर वाहनों की जांच की जाती है।
अनफिट है 230 स्कूली वाहन
परिवहन विभाग के आंकड़ों में 705 स्कूली वाहन पंजीकृत है। पिछले दिनों विभागीय टीम ने 685 स्कूली वाहनों की जांच की, जिसमें 455 स्कूल वाहन फिट पाए गए है। जबकि 230 वाहन अनफिट मिले थे, जिन्हें विभाग ने नोटिस जारी की है। इसके अलावा 1785 सरकारी वाहन है, जिनकी समय-समय फिटनेस होती रहती है।
सुरक्षा मानकों की जानकारी करना नहीं भूलते लोग
चार पहिया वाहन शोरूम के मैनेजर संजीव शुक्ला बताते हैं कि वाहन खरीदते समय लोग सुरक्षा मानकों की जानकारी करना नहीं भूलते। वाहन स्वामी वाहन की रेटिंग, एयरबैग, पावर ब्रेक आदि की जानकारी अवश्य करते हैं। वाहन चालक सीटबेल्ट लगाने को लेकर जागरूक हुए हैं।
इन्होंने कहा...
अनफिट वाहनों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 31 हजार अनफिट वाहनों को नोटिस भेजी गई है। छह माह के अंदर इन वाहन स्वामियों द्वारा दोबारा फिटनेस या पंजीयन नहीं कराया जाता है, तो इन वाहनों का रजिस्ट्रेशन निलंबित किया जाएगा।
- एसके सिंह, एआरटीओ, प्रशासन।