हरदोई में 8.87 करोड़ की लागत से नगर पालिका के नए भवन का निर्माण, शासन ने जारी की धनराशि
हरदोई नगर पालिका के जर्जर भवन के स्थान पर 8.87 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन बनाया जाएगा, जिसके लिए नगर विकास विभाग ने बजट जारी कर दिया है।

8.87 करोड़ से होगा नगर पालिका के नए भवन का निर्माण।
HighLights
हरदोई नगर पालिका के लिए 8.87 करोड़ का नया भवन।
पुराना भवन चार माह पहले ही जर्जर घोषित किया गया।
दुकानें खाली कराना नए निर्माण की बड़ी चुनौती।
जागरण संवाददाता, हरदोई। नगर पालिका के जर्जर हो चुके भवन के स्थान पर अब नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नगर विकास विभाग ने 8.87 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। मौजूदा भवन को चार माह पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है।
भवन के आसपास स्थित दुकानों को भी निर्माण कार्य के लिए खाली कराया जाना है। इसके लिए संबंधित दुकानदारों को पालिका प्रशासन की ओर से नोटिस भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक दुकानें खाली नहीं की गई हैं।
नगर पालिका का भवन 40 साल पहले निर्माण कराया गया था। भवन पुराना होने के कारण जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। भवन की हालत को देखते हुए इसे अनुपयोगी घोषित किया जा चुका है।
नए भवन के निर्माण से पालिका के प्रशासनिक कार्यों को बेहतर और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। हालांकि निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए दुकानों को खाली कराना बड़ी चुनौती बना हुआ है। नोटिस जारी होने के बाद भी दुकानदारों की ओर से दुकानें खाली नहीं की गई हैं।
अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि नवीन भवन के लिए शासन स्तर से धनराशि जारी की जा चुकी है। सीएनडीएस संस्था की ओर से निर्माण कार्य कराया जाएगा। बताया कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।