विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में NCC के गोदाम में लगी आग, 6 दमकल गाड़ियों ने 3 घंटे बाद आग पर पाया काबू

Published: Thu, 05 Nov 2026 06:48 PM (IST)

हरदोई के बिलग्राम मार्ग पर जल जीवन मिशन का काम कर रही एनसीसी कंपनी के गोदाम में भीषण आग लग गई।

छह दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसमें शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया जा रहा है।

छह दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसमें शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया जा रहा है।

HighLights

  1. हरदोई में एनसीसी गोदाम में भीषण आग लगी।

  2. छह दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे में आग बुझाई।

  3. शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही।

जागरण संवाददाता, हरदोई। बिलग्राम मार्ग पर गुरुवार सुबह जल जीवन मिशन का काम कर रही नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी (एनसीसी) के गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम से उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसे बुझाने के लिए सदर, संडीला और बिलग्राम से छह दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।

दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। गोदाम के आसपास प्लास्टिक स्क्रैप और तेल के डिब्बे होने से आग के और विकराल होने का खतरा बना रहा। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम जांच कर रही है।

बिलग्राम मार्ग पर जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने समेत अन्य कार्य कर रही एनसीसी कंपनी का गोदाम है। गुरुवार सुबह अचानक गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में उठता धुएं का गुबार और आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने सदर से एक दमकल गाड़ी मौके पर भेजी। आग तेजी से फैलने के कारण एक गाड़ी से उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। इसके बाद अन्य अग्निशमन केंद्रों से अतिरिक्त गाड़ियां मंगाई गईं।

सदर से दो, संडीला से दो और बिलग्राम से एक अतिरिक्त दमकल गाड़ी पहुंची। इस तरह कुल छह गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। गोदाम के आसपास प्लास्टिक स्क्रैप और तेल के डिब्बे पड़े होने से आग फैलने का खतरा बढ़ गया था। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले आसपास के शेड को पानी डालकर ठंडा किया, ताकि आग दूसरे हिस्सों तक न पहुंचे। इसके बाद अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

गोदाम में आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। गोदाम में आग से कितना सामान जला और कितनी आर्थिक क्षति हुई, इसका आकलन किया जाना बाकी है। दमकल कर्मियों की सतर्कता से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने के आशंका: मुख्य अग्निशमन अधिकारी महेश प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने के वजह शार्ट सर्किट प्रतीत हो रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों के पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। गोदाम में आग लगने से कंपनी को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका अभी आकलन नहीं हो सका है। नुकसान के वास्तविक स्थिति सर्वेयर के रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।