प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही पत्नी, अदालत में पत्नी ने ठुकराया साथ; पति ने ट्रक के आगे कूदकर दी जान
हरदोई में पत्नी द्वारा अदालत में प्रेमी को चुनने से आहत पति ने ट्रक के आगे कूदकर जान दे दी। ...और पढ़ें

HighLights
पत्नी ने अदालत में पति के साथ जाने से इनकार किया।
प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई, पति सदमे में।
मानसिक आघात से टूटकर युवक ने जान दे दी।
जागरण संवाददाता, हरदोई। एक भरोसा जब टूटता है तो इंसान अंदर से किस कदर बिखर जाता है, इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला उदाहरण जिले में देखने को मिला। महीनों से बिछड़ी पत्नी की वापसी का इंतजार कर रहे एक युवक की उम्मीद बुधवार को अदालत में टूट गई। पत्नी ने न्यायालय के समक्ष पति के साथ जाने से इन्कार करते हुए अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई।
यह फैसला युवक बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने ट्रक के सामने कूदकर जान दे दी। माधौगंज निवासी चंद्र प्रकाश की पत्नी कुछ माह पहले राहुल के साथ घर छोड़कर चली गई थी। पत्नी की तलाश में चंद्र प्रकाश ने पुलिस में गुमशुदगी और बरामदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
काफी प्रयासों के बाद पुलिस महिला को बरामद करने में सफल हुई। बुधवार को महिला के बयान दर्ज कराने के लिए उसे अदालत में पेश किया गया। चंद्र प्रकाश और उसके परिवार को उम्मीद थी कि वह घर लौट आएगी।
पति के साथ जाने से किया इनकार
युवक की मां रामकली के अनुसार, उनका बेटा इसी आशा के साथ सुबह घर से निकला था कि पत्नी सभी मतभेद भुलाकर उसके साथ लौटेगी, लेकिन अदालत में महिला ने स्पष्ट रूप से पति के साथ रहने से इन्कार कर दिया और अपने प्रेमी राहुल के साथ रहने की इच्छा जताई। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने महिला को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी।
बताया जाता है कि अपनी आंखों के सामने पत्नी को प्रेमी के साथ जाते देख चंद्र प्रकाश गहरे सदमे में आ गया। वह इस मानसिक आघात को सहन नहीं कर सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर बाद उसने मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक के सामने छलांग लगा दी।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। गांव में भी इस घटना की चर्चा रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
