हरदोई में महरोनिया-बेनीगंज डामर मार्ग पर बनेगा पुल, 50-60 गांवों को मिलेगी राहत
हरदोई में महरोनिया-बेनीगंज डामर मार्ग पर बेता नाले के ऊपर पुल निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है।

महरोनिया-बेनीगंज डामर मार्ग पर बनेगा पुल।
HighLights
महरोनिया-बेनीगंज डामर मार्ग पर बेता नाले पर पुल बनेगा।
ब्लॉक प्रमुख आरती गुप्ता के प्रयासों से मिली स्वीकृति।
50-60 गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
जागरण संवाददाता, हरदोई। महरोनिया-बेनीगंज डामर मार्ग पर बेता नाले के ऊपर पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। सण्डीला ब्लॉक प्रमुख आरती गुप्ता के प्रयासों के बाद शासन से पुल निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। 5 मीटर स्पान के सेतु और पहुंच मार्ग के निर्माण पर 2.26 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पुल बनने से महरोनिया, बेहटा समेत करीब 50 से 60 गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा।
बेता नाले पर पुल न होने के कारण क्षेत्र के करीब 10 ग्राम सभाओं के लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के दौरान आवागमन प्रभावित होने से मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत होती थी।
क्षेत्रवासियों की समस्या को लेकर ब्लॉक प्रमुख आरती गुप्ता ने 15 जुलाई 2025 को मिश्रिख सांसद अशोक रावत को पत्र भेजकर पुल निर्माण की मांग की थी।
अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग हरदोई की ओर से बताया गया कि अटवा-डांडा के मध्य बेता नाले पर 5×5 मीटर स्पान के सेतु एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 226.87 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
इसके बाद मुख्य अभियंता (मध्य क्षेत्र), लखनऊ के पत्र के माध्यम से अतिरिक्त पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 291.03 लाख रुपये की संशोधित स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिशासी अभियंताओं को कार्य प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार कराने के निर्देश दिए हैं। पुल की स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने ब्लॉक प्रमुख आरती गुप्ता और सांसद अशोक रावत का आभार जताया है।
