विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, एक की मौत और 12 लोग घायल

Published: Wed, 04 Nov 2026 05:00 PM (IST)

हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र के सिरदारपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. हरदोई में जमीनी विवाद पर खूनी संघर्ष हुआ।

  2. संघर्ष में एक बुजुर्ग की मौत, 12 लोग घायल।

  3. पुलिस बल तैनात, मामले की जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के सिरदारपुर गांव में जमीन पर कब्जेदारी को लेकर चल रहा पुराना विवाद मंगलवार देर शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चलने लगे। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट में करीब 12 लोग घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस संघर्ष में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ घटना की जांच कर रही है।

बघौली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अड़ंगापुर के मजरा सिरदारपुर निवासी राजेंद्र और संजीव के बीच जमीन के एक टुकड़े पर कब्जेदारी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम करीब सात बजे इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार निकल आए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। अचानक हुए संघर्ष से गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मारपीट में राजेंद्र समेत दोनों पक्षों के करीब 12 लोग घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को परिवारजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, दूसरे पक्ष के संजीव के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। खूनी संघर्ष और बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी जुटाई। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

क्षेत्राधिकारी प्रभा पटेल ने बताया कि जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। संघर्ष में शामिल आरोपितों की पहचान की जा रही है। उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- हरदोई में 4 जनवरी तक बिना आयोग की अनुमति के नहीं होंगे अधिकारियों के तबादले, निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।