हरदोई में करवा चौथ से एक दिन पहले बुझ गया सविता के सुहाग का दीया, मौत की खबर ने तोड़े सारे सपने
हरदोई में करवा चौथ से ठीक पहले एक बाइक दुर्घटना में राजीव की मृत्यु हो गई, जिससे उनकी पत्नी सविता ...और पढ़ें
-1793187778981_m.webp)
HighLights
करवा चौथ से पहले पति राजीव की सड़क हादसे में मौत।
पत्नी सविता के सपने टूटे, शादी को एक साल हुआ था।
पाली-पचदेवरा मार्ग पर मवेशी से टकराई थी बाइक।
संवादसूत्र, जागरण, पचदेवरा। जिस चांद का दीदार कर पति की लंबी उम्र की दुआ मांगनी थी, उसके निकलने से पहले ही सविता की खुशियों का चांद हमेशा के लिए डूब गया। हाथों में मेहंदी रचाने और सोलह शृंगार करने की तैयारियों के बीच पति की मौत की खबर ने उसकी दुनिया उजाड़ दी। शादी को अभी एक वर्ष ही हुआ था।
साथ जीने के न जाने कितने सपने संजोए थे, लेकिन नियति ने ऐसा क्रूर खेल खेला कि करवा चौथ और दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां अब स्वजन की सिसकियां गूंज रही हैं।
पचदेवरा क्षेत्र के ग्राम कूड़ी निवासी राजीव चार अक्टूबर को बाइक से अनंगपुर गए थे। देर शाम घर लौटते समय पाली-पचदेवरा मार्ग पर गन्ना सेंटर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर मवेशी से टकरा गई थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजीव को स्वजन ने बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां मंगलवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
राजीव राजस्थान के जैसलमेर में एक कंपनी में काम करते थे। हादसे से करीब एक सप्ताह पहले ही गांव आए थे। करवा चौथ और दीपावली परिवार के साथ मनाने के बाद उन्हें वापस नौकरी पर जाना था। अस्पताल में राजीव जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे, जबकि पत्नी सविता उनके स्वस्थ होने और लंबी उम्र की दुआ मांग रही थी। करवा चौथ से ठीक पहले पति की मौत ने उसके सारे सपने छीन लिए। जिस आंगन में सुहाग के गीत गूंजने थे, वहां अब मातम पसरा है।
