विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होली के संग गांवों में घुला चुनावी रंग, माहौल बना रहे दावेदार, खोवा और गुझिया बांटने की हो रही तैयारी

Published: Mon, 02 Mar 2026 06:02 PM (IST)

हरदोई के गांवों में इस बार होली का पर्व पंचायत चुनावों के रंग में रंग गया है। चुनाव की तारीखें घोषित न होने के बावजूद दावेदार सक्रिय हो गए हैं। वे खोवा, गुझिया, साड़ियां और पायल बांटकर मतदाताओं को लुभा रहे हैं। 

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरदोई। होली तो हमेशा गले मिलने और मनमुटाव मिटाने का पर्व माना जाता है, लेकिन इस बार गांवों में रंगों के साथ राजनीति की आहट भी घुलती नजर आ रही है। पंचायत चुनाव की तारीख भले घोषित न हुई हो, पर दावेदारों ने अपने-अपने तरीके से माहौल बनाना शुरू कर दिया है।
ग्रामीण अंचलों में इस बार होली का उत्साह कुछ अलग ही दिखाई दे रहा है।

चौपाल से लेकर गलियों तक चुनावी चर्चाएं रंग और गुलाल के साथ उड़ रही हैं। पंचायत चुनाव अभी दूर सही, लेकिन संभावित प्रत्याशियों ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। अधिकांश गांवों में दावेदारों के चेहरे लगभग साफ हो चुके हैं। कई उम्मीदवार आरक्षण की स्थिति पर नजर टिकाए हुए हैं, तो कई ऐसे भी हैं जो सीट बदलने की संभावना को देखते हुए अपने खास समर्थकों को मैदान में उतारने की रणनीति बना रहे हैं।

अब क्विंटलों के हिसाब से तैयारी हो रहीं गुझिया

होली इस बार केवल मेल-मिलाप का अवसर नहीं, बल्कि जनसंपर्क का जरिया भी बन गई है। कहीं खोवा और गुझिया के पैकेट घर-घर पहुंचाए जा रहे हैं, तो कहीं मिठाइयों के साथ शुभकामना संदेश भी भेजे जा रहे हैं। जिन घरों में पहले चंद गुझिया बनती थीं, वहां अब क्विंटलों के हिसाब से तैयारी हो रही है।

कुछ मजबूत दावेदारों ने तो चुनावी पैठ मजबूत करने के लिए महिलाओं के बीच साड़ी और पायल तक भिजवानी शुरू कर दी है। त्योहार की आड़ में यह सौजन्य भेंट चर्चा का विषय बनी हुई है। गांवों में होली मिलन समारोह अब सामाजिक से ज्यादा राजनीतिक रंग में रंगते दिख रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मत्स्य क्षेत्र में 30 कंपनियां करेंगी 1400 करोड़ का निवेश, वाराणसी और बाराबंकी समेत इन जिलों में होगा बड़ा इन्वेस्टमेंट

कुल मिलाकर, इस बार होली के रंगों में राजनीति का रंग कुछ ज्यादा ही गहरा नजर आ रहा है। आने वाले पंचायत चुनाव की बिसात भले अभी बिछनी बाकी हो, लेकिन मोहरे सजने लगे हैं और गांवों की फिजां में चुनावी सुगबुगाहट साफ महसूस की जा सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।