विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजली गिरने से खेत में किसान की मौत, दो बेटे झुलसे; आलू की फसल ढकते समय हुआ हादसा

Published: Sun, 15 Mar 2026 05:26 PM (IST)

हरपालपुर में बेमौसम बारिश के दौरान बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक किसान की दुखद मौत हो ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बेमौसम बारिश में बिजली गिरने से किसान की मौत।

  2. खेत में आलू की फसल ढकते समय हुआ हादसा।

  3. दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलसे, इलाज जारी।

संवाद सूत्र, हरपालपुर। बेमौसम बरसात में बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक किसान की मौत हो गई, जबकि उनके दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

अरवल थाना क्षेत्र के खैरूद्दीनपुर राजा साहब गांव में रविवार सुबह आफत की बरसात हुई। गांव निवासी अवधेश सिंह अपने दोनों बेटों के साथ खेत पर काम करने गए थे। सुबह करीब 11 बजे अचानक मौसम बदल गया और बारिश की आशंका होने लगी।

 पन्नी से ढक रहे थे आलू की फसल

खेत में खुदी पड़ी आलू की फसल को खराब होने से बचाने के लिए अवधेश सिंह अपने बेटों 11 वर्षीय शोभित आठ वर्षीय अमन के साथ फसल को पन्नी से ढक रहे थे। उसी समय तेज गर्जना के साथ बिजली उन पर गिर गई। बिजली गिरने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आनन फानन में तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया।

जहां डाक्टरों ने अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर उनका उपचार शुरू किया गया। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए रखें यह सावधानी

  • -बिजली चमकते समय पेड़, बिजली के खंभे या ऊंचे स्थान के पास खड़े न हों।
  • -यदि खुले मैदान में हों तो तुरंत किसी पक्के भवन या सुरक्षित स्थान में चले जाएं।
  • -खेत में होने पर झुककर बैठ जाएं और जमीन से कम संपर्क रखें।
  • -मोबाइल या धातु की वस्तु हाथ में लेकर खुले स्थान पर खड़े न रहें।
  • -बारिश और गरज के दौरान पानी भरे स्थान या तालाब के पास जाने से बचें।