EWS सर्टिफिकेट के लिए नया ऑनलाइन सिस्टम लागू, तहसील के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, देखें पूरा प्रोसेस
हरदोई में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन हो गई है, जिससे आवेदकों को तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
EWS प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया अब ऑनलाइन हुई।
आवेदकों को तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
फर्जीवाड़े पर अंकुश लगेगा, डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।
जागरण संवाददाता, हरदोई। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) का प्रमाणपत्र बनवाने के लिए अब आवेदकों को तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
आवेदन से लेकर प्रमाणपत्र जारी होने तक की प्रक्रिया आनलाइन कर दी गई है। नई व्यवस्था से जहां लोगों को सहूलियत मिलेगी, वहीं प्रमाणपत्र का डिजिटल रिकार्ड उपलब्ध होने से फर्जीवाड़े पर भी अंकुश लगेगा। प्रमाणपत्र को यूनिक डिजिटल नंबर मिलेगा, जिससे जरूरत पड़ने पर उसकी सत्यता की जांच आसानी से की जा सकेगी।
नई व्यवस्था 16 सितंबर से लागू हो चुकी है। आवेदक स्वयं आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही जनसेवा केंद्र के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आवेदन के बाद उसकी स्थिति भी आनलाइन देखी जा सकेगी। प्रमाणपत्र जारी होने पर आवेदक उसे आनलाइन प्राप्त कर सकेगा।
अब तक ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र के लिए तहसील में आवेदन करना पड़ता था। इसके बाद आय और पात्रता की जांच के लिए आवेदन लेखपाल और राजस्व निरीक्षक स्तर तक जाता था। जांच रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार के स्तर से प्रमाणपत्र जारी किया जाता था।
इस प्रक्रिया में समय लगने के साथ आवेदकों को कई बार तहसील के चक्कर भी लगाने पड़ते थे। नई व्यवस्था में आवेदन और जांच की प्रक्रिया का डिजिटल रिकार्ड सुरक्षित रहेगा। प्रमाणपत्र पर उपलब्ध डिजिटल नंबर के आधार पर सरकारी विभाग या अन्य संस्था जरूरत पड़ने पर उसकी प्रामाणिकता की जांच कर सकेगी।
इससे पुराने प्रमाणपत्र का विवरण तलाशने और सत्यापन में होने वाली परेशानी भी कम होगी। ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र का इस्तेमाल आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के पात्र लोगों को शिक्षा और सरकारी नौकरियों में निर्धारित आरक्षण का लाभ लेने समेत विभिन्न सरकारी प्रक्रियाओं में किया जाता है।
ऐसे में समय से प्रमाणपत्र उपलब्ध होना आवेदकों के लिए महत्वपूर्ण है। आनलाइन व्यवस्था लागू होने से जिले की सभी तहसीलों के आवेदकों को इसका लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें- मंजिल अभी करीब 300 KM दूर... बलरामपुर चीनी मिल पहुंचने में 308 पहियों वाले 'महाट्रक' को लगेगा पूरा एक महीना
