हरदोई में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, गुस्साए परिजनों ने किया चक्का जाम
हरदोई के रूपापुर चौराहे पर शराब की दुकानों में कैमरे लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत।
HighLights
हरदोई में हाईटेंशन लाइन से दो युवकों की मौत।
परिजनों ने पुलिस पर जबरन सीढ़ी चढ़ाने का आरोप लगाया।
आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, हरदोई। कोतवाली सवायजपुर क्षेत्र के रूपापुर चौराहे पर बुधवार को शराब के ठेकों में कैमरे लगाने के दौरान हुए हादसे ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जनआक्रोश का रूप ले लिया।
लोहे की लंबी सीढ़ी के 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू जाने से दो युवकों की मौत हो गई, घटना में एक युवक के स्वजन ने पुलिस पर जबरन सीढ़ी पर चढ़ाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पंचनामा भरने का विरोध किया और मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
रूपापुर चौराहे पर स्थित शराब की दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम चल रहा था। इसके लिए दो युवक लोहे की भारी व लंबी सीढ़ी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से सीढ़ी का स्पर्श हो गया। सीढ़ी में तेज करंट उतरने से दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए।
हादसे में गंगू पुरवा (ग्राम पंचायत मुंडेर) निवासी अजय (पुत्र रामदयाल) की मौत हो गई, जबकि कंजर बस्ती सवायजपुर निवासी सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां सूरज ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब सूरज के स्वजन ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्वजनों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों के दबाव में युवकों को लोहे की सीढ़ी पर चढ़ने के लिए मजबूर किया गया था। परिजनों ने मृतक का पंचनामा भरने की प्रक्रिया का कड़ा विरोध किया और मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सड़क पर बैठकर यातायात ठप कर दिया।
सड़क जाम की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने घटना की निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए मामले की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
